टीकमगढ़। नगर कारी में स्व. इंद्रा जैन की पांचवीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाई गई। परिवार द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा में टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. इंद्रा जैन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद पुण्यतिथि ने सामाजिक सम्मान का रूप ले लिया। परिवार की ओर से नगर के 150 से अधिक बुजुर्गों को फूलमाला पहनाकर शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक यादवेंद्र सिंह ने कहा कि दिवंगत की स्मृति को श्रद्धांजलि तक सीमित न रखकर बुजुर्गों के सम्मान से जोड़ना सराहनीय पहल है। बुजुर्ग अनुभव और परंपराओं के वाहक हैं, उनका सम्मान हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्व. इंद्रा जैन को नमन करते हुए परिवार की पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में हर्ष जैन, शिखर जैन, उमेश, विमेश, प्रमेश, अजय, विजय, विनय, अंकित सहित परिवार की महिलाएं, बच्चे व बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। आयोजन में इंद्रा स्व-सहायता समूह का विशेष योगदान रहा।

