टीकमगढ़। जिला मुख्यालय पर हवाई पट्टी का निर्माण कराने के लिये लम्बे समय से प्रयासरत भाजपा नेता विकास यादव की पहल अब रंग लाने लगी है। विमानन विभाग म.प्र.शासन शासन द्वारा कलेक्टर टीकमगढ़ से लगातार किये जा रहे पत्राचार पर अब जिला प्रशासन ने कार्यवाही शुरू कर दी है। कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी ने एसडीएम जतारा एवं मोहनगढ़ तहसीलदार को पत्र जारी कर हवाई पट्टी के लिये आरक्षित भूमि रमपुरा के खसरा नंबर 315/2, 313/1/3, 319 तथा ग्राम शिवराजपुरा की भूमि खसरा नंबर 338, 339, 346, 347/1, 348/1 मिन-2, 363, 364, 365/1, 397/1, 344 पर मकान बनाकर,फसल बोकर किये गये अतिक्रमण को 07 दिवस में हटाये जाने के निर्देश दिये गये हैं। कलेक्टर ने एसडीएम तहसीलदार को निर्देशित करते हुए कहा है कि उक्त भूमि पर हवाई पट्टी निर्मित की जानी प्रस्तावित है इसलिये हवाई पट्टी के लिये आरक्षित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर 07 दिवस के अन्दर प्रतिवेदन इस कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करें ताकि विमानन विभाग म.प्र. शासन को चाही गई जानकारी सहित प्रतिवेदन भेजा जा सके। गौरतलब है कि भाजपा नेता विकास यादव के अनुरोध पर टीकमगढ़ में हवाई पट्टी का निर्माण कराने के लिये केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार एवं केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिख चुके हैं जिसके बाद विमानन विभाग म0प्र0 शासन ने कार्यवाही तेज कर दी है।

