*कमलनाथ के जाने के बाद हंगामा: हैलीपेड पर आपस में भिड़े कांग्रेसी, थाने पहुंच कर किया हंगामा*

संवाददाता अरुण कश्यप
सीवनी मालवा
सिवनी मालवा नगर में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सभा को संबोधित करने, मंडलम और सेक्टर की बैठक लेने पहुंचे थे। सभा के बाद सभी कांग्रेसी पूर्व मुख्यमंत्री को छोड़ने हेलीपैड पहुंचे थे, जहां कांग्रेस का हाइवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। एक गुट के लोगों ने दूसरे गुट के लोगो के साथ मारपीट कर दी। दोनों पक्ष के लोग एकत्रित होकर सिवनी मालवा थाने पहुंच गए और थाने में ही बहुत देर तक हंगामा होता रहा। थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों के हस्तक्षेप के बाद कांग्रेस नेता थाने से बाहर गए ।
विवाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की सभा में स्टेज पर चढ़ने के दौरान हुई कहासुनी का था। जिसको लेकर हेलीपेड
पर कांग्रेस के ही दो अलग-अलग पक्षों ने एक-दूसरे से मारपीट की। मामला थाने पहुंचने के बाद भी दोनों ही पक्ष थाने में गाली गलौज करते नजर आए। हालांकि पूरे विवाद के बाद दोनों ही पक्षों के लोगों ने किसी भी प्रकार की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
थाना प्रभारी गौरव बुंदेला ने बताया कि कांग्रेस के कार्यक्रम के बाद हेलीपेड पर कांग्रेस के ही दो गुट आपस में भीड़ गए थे। उसके बाद दोनों गुट के लोग थाने पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने किसी प्रकार की कोई शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई है, अगर शिकायत की जाती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सीवनी मालवा से अरुण कश्यप की खास खबर
