नर्मदापुरम/ प्रीती चौहान / गुरुवार के दिन पुष्य नक्षत्र का संयोग बने तो उस दिन गुरुपुष्यामृत योग बनता है। यह श्रेष्ठ शुभ योग है और साल में मुश्किल से एक- दो बार पड़ता है। इस बार गुरू पुष्य नक्षत्र का संयोग 27 अप्रैल 2023, गुरुवार की सुबह 7 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजकर 7 मिनट तक रहेगा। इस दिन अमृत सिद्धि व सर्वार्थसिद्धि जैसे शुभ योग भी रहेंगे। साथ ही इस दिन शनिदेव कुंभ राशि में, चंद्रमा कर्क राशि में और सूर्य देव अपनी उच्च राशि मेष में विराजमान रहेंगे। इन ग्रहों का अपनी ही राशि में होना काफी शुभ संयोग है। इस दिन आप अपनी कुंडली से संबंधित ग्रह- नक्षत्रों के उपाय कर सकते हैं। यदि आपके विवाह में विलंब, संतान सुख बाधा, शिक्षा, मकान, व्यापार, नौकरी आदि में मुश्किलें उत्पन्न हो रही है तो इस दिन कुछ सामान्य उपाय करके आप काफी परेशानियों से मुक्ति पा सकते हैं। यह दिन मंत्र, जप, दान- पुण्य पूजा- पाठ, व्रत ,अनुष्ठान के लिए काफी श्रेष्ठ है। इस दिन आप किसी ज्योतिषी की सलाह पर पुखराज रत्न, रुद्राक्ष, तुलसी- कंठी माला आदि धारण कर सकते हैं। इस दिन सोने के आभूषण, नवीन वस्त्र, मकान, जमीन, वाहन इत्यादि खरीदना बेहद शुभ माना गया है और नया व्यापार आदि भी शुरू कर सकते हैं। इस दिन घर में श्रीराम चरित्र मानस, श्री भगवत गीता, गीता उपनिषद आदि पवित्र ग्रंथों को खरीद कर घर लाना अति श्रेष्ठ शुभ माना गया है। इस दिन से आप आप किसी मंत्र-जप, पूजा, व्रत, अनुष्ठान की शुरुआत कर सकते हैं।
(नोट : पुष्य नक्षत्र में विवाह करना उचित नहीं माना गया है)

