
• लोकेश वर्मा
जिला अस्पताल के ज़रूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को प्रतिदिन पौष्टिक अंकुरित आहार वितरित कर रहा अंकुरित आहार परिवार हर रोज सुबह साढ़े आठ बजे जिला अस्पताल पहुंचकर लोगों को अंकुरित आहार वितरित करता है ताकि उनके दिन की शुरुआत सेहतमंद हो। आज प्रातः समाजसेवी और मॉर्निंग स्माइल ग्रुप के सदस्य धीरेन्द्र (धीरू)वर्मा ने अंकुरित आहार वितरण कर अपना जन्मदिवस मनाया। इस अवसर पर ग्रुप के डॉ विनय सिंह चौहान, डैनी सावन कुमार, श्रीकांत अग्रवाल, राजाराम यादव, विजय बारगी, कृष्णा पवार सहित अंकुरित आहार परिवार के जैन साहब सहित सभी सदस्य मौजूद थे।

अंकुरित आहार परिवार विगत 24 वर्षों से बैतूल के जिला अस्पताल में हर दिन जरूरतमंदों तक पौष्टिक आहार पहुंचा रहा है। 1 जनवरी को 25 वें वर्ष में प्रवेश कर चुके इस मानव सेवा मिशन को 01 जनवरी 1999 को बैतूल के तत्कालीन कलेक्टर सहित 7 सदस्यों ने शुरू किया था। आज इस परिवार से हजारों की संख्या में लोग जुड़ चुके हैं। बीते 24 सालों में एक भी दिन ऐसा नहीं बिता जब इस परिवार के सदस्यों ने जिला अस्पताल में अंकुरित आहार नहीं बाँटा हो।

रोजाना सुबह ठीक साढ़े आठ बजे बैतूल के जिला अस्पताल में एक प्रार्थना गूंजती है जिसका मूल है मानव सेवा, महान सेवा । दानदाता जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ, श्रद्धांजलि या किसी खास मौके पर अंकुरित आहार बांट कर अपनी खुशियों को बढ़ाते हैं। साल के पूरे 365 दिन लोग इस सेवा के लिए योगदान देने खड़े रहते हैं। अंकुरित आहार परिवार के सदस्य रोजाना जिला प्रतिदिन 25 किलो तैयार आहार को अस्पताल के मरीजों और उनके परिजनों को प्रति व्यक्ति 25 ग्राम का वितरण करते हैं। इस योजना से प्रतिदिन लगभग एक हजार लोग लाभान्वित होते हैं। अब तक दो सौ से भी अधिक टन अनाज वितरण किया जा चुका है। जिसमें लगभग 84 लाख लोग लाभान्वित हो चुके हैं।

