भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री को किसान हित में उनके द्वारा की गई घोषणाओं का स्मरण दिलाने दिया ज्ञापन
नर्मदापुरम /प्रदीप गुप्ता /भारतीय किसान संघ जिला नर्मदा पुरम के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने संघ के प्रदेश स्तरीय ज्ञापन कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश को किसान हित में उनके द्वारा की गई घोषणाओं का स्मरण दिलवाने एवं उन घोषणाओं पर शीघ्र अति शीघ्र अमल करने हेतु जिलाधीश के माध्यम से आज जिलाधीश कार्यालय में उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही कुछ स्थानीय समस्याओं पर संबोधित ज्ञापन भी जिलाधीश नर्मदापुरम नीरज कुमार सिंह को सौंपते हुए उनके तत्काल निराकरण की मांग की है। प्रदेश स्तरीय ज्ञापन में मुख्यमंत्री के माध्यम से शासन से मांग की गई है कि ग्रीष्मकालीन मूंग की फसल को भी तीसरे मुख्य फसल के रूप में अधिसूचित किया जाए, जिससे अन्य फसलों की भांति बीमा सुरक्षा आदि का लाभ भी किसानों को मिल सके। वहीं स्थानीय ज्ञापन में दम तोड़ती हुई किसानों की बैंक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की डूबत खाते की ओर जा रही ऋण राशि की शक्ति के साथ वसूली हो। जिससे बैंक की माली हालत में सुधार हो सके और किसानों को बैंक की आर्थिक सुविधाओं का वही लाभ पुनः प्राप्त हो सके जो पूर्व में बैंक के द्वारा किसानों को दिया जाता था। इसके साथ ही जिलाधीश का ध्यान जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की ओर आकर्षित करते हुए उदाहरणार्थ गोविंद नगर से कामठी, बनखेड़ी से खरसली माखन नगर विकास खंड में महेंद्र बाड़ी मार्ग की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए गारंटी पीरियड में इन मार्गों के ध्वस्त हो जाने एवं इनका मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ करवाने की मांग की गई है। यही नहीं जिले की 5 वर्ष के अंदर गारंटी पीरियड में इसी प्रकार के अन्य मार्गों का सर्वे कर उनका भी जीर्णोद्धार करवाने की मांग करते हुए भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया है। आज के ज्ञापन कार्यक्रम में प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन व्यास, संभागीय अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान, जिला अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, जिला मंत्री उदय कुमार पांडे, संभागीय सदस्य एसएस तिवारी, माखन नगर विकासखंड अध्यक्ष ओमकार राजपूत, जिला सदस्य जितेंद्र तोमर, जिला उपाध्यक्ष लखन चौधरी, इटारसी तहसील अध्यक्ष राम दुबे, उपाध्यक्ष सुभाष साध आदि प्रमुख कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। उपरोक्त जानकारी भारतीय किसान संघ के मीडिया प्रभारी शिव मोहन सिंह ठाकुर ने दी।

