टीकमगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को बड़ागांव धसान के ग्राम जमुनिया खेड़ा के वार्ड नंबर 4 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर महिला बाल विकास परियोजना टीकमगढ़ द्वारा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी गिरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने आंगनवाड़ी सहायिकाओं को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही लक्ष्मी गिरी ने महिलाओं और आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को फल वितरित किए।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनवाड़ी परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। मुख्य अतिथि ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन
कार्यक्रम के अंत में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी महिलाओं और बच्चों को मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को संबोधित किया।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी सुपरवाइजर अंजलि जैन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुधा जैन, सहायिका लक्ष्मी सोनी, बड़ागांव धसान नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि रामलाल प्रजापति, रवि पांडे, दिलीप सेन, विक्की, जगजीवन प्रजापति सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।

