टीकमगढ़।कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल की बैठक आयोजित की गई। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन समाधान ऑनलाईन जनसुनवाई तथा अन्य लंबित प्रकरणों के संबंध में विस्तार से समीक्षा की एवं सभी अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने जिले में शासकीय शालाओं के निराशाजनक परिणामों पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुये जिला शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि जिले में जिन शालाओं का परिणाम खराब रहा है उनके प्राचार्याें और संबंधित अधिकारियों की सूची आज शाम तक उपलब्ध करायें तथा सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र युवाओं के आवेदन भरवायें, जिससे युवाओं को योजना का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की विस्तार से समीक्षा की तथा निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत पात्र कृषकों को योजना का लाभ दिलाया जाये।
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की समीक्षा के दौरान अभियान के तहत लंबित शिकायतों का तत्काल शत-प्रतिशत निराकरण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि न्यायालयीन वित्तीय एवं नीतिगत कारणों के अलावा कोई भी शिकायत निराकरण हेतु लंबित नहीं रहे इसका प्रमाण पत्र सभी अधिकारी प्रस्तुत करेंगे जिसमें स्पष्ट उल्लेख हो कि कितनी शिकायतें न्यायालयीन वित्तीय एवं नीतिगत मामलों से लंबित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान 2 दशमलव 0 के तहत प्राप्त लंबित शिकायतों की विस्तार से विभागवार/विषयवार समीक्षा की तथा तत्काल शत-प्रतिशत शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने लाड़ली बहना योजना की समीक्षा के दौरान शेष डीबीटी आज ही पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
श्री द्विवेदी ने पीएचई विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि जिले में जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित समस्त योजनाओं की वस्तुस्थिति प्रस्तुत करें तथा सभी योजनायें व्यवस्थित रूप से संचालित हों यह सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी अनुविभागीय अधिकारी हैंडपम्प मैकेनिकों को विकासखण्ड स्तर पर बुलाकर मीटिंग लें एवं उन्हें खराब हैडपम्प का शीघ्र सुधार करने के लिये निर्देशित करें ताकि पानी की समस्याओं का निराकरण तत्काल हो सके। उन्होंने जिले में चना, मसूर, सरसों के उत्पादन की जानकारी ली एवं खाद्यानों के परिवहन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने खाद्य उपार्जन और परिवहन में लापरवाही को लेकर कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने खाद्यान्न वितरण के सम्बंध में प्राप्त शिकायतों को लेकर नाराजगी व्यक्त की और प्राथमिकता से शिकायतों को शत-प्रतिशत निराकृत करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री सिद्धार्थ जैन एसडीएम बल्देवगढ़ सौरभ मिश्रा एसडीएम जतारा डॉ अभिजीत सिंह डिप्टी कलेक्टर श्री संजय कुमार दुबे विजय कुमार सेन ईई पीएचई श्री जितेन्द्र मिश्रा आरईएस श्रीमती नम्रता पंद्रे जीएमडीआईसी राजशेखर पांडे सीएमएचओ डॉ पीके माहौर सिविल सर्जन डॉ अमित शुक्ला जिला मलेरिया अधिकारी एचएन रावत उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डीके विश्वकर्मा उप संचालक सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग आरके पस्तोर जिला शिक्षा अधिकारी शक्ति खरे जिला योजना अधिकारी रामबाबू गुप्ता लोक सेवा प्रबंधक अमन गोयल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

