टीकमगढ़। कलेक्ट्रेट कार्यालय के कुछेक विभागों में तो अधिकारी करीब 15 वर्षों से एक ही स्थान पर जमे हुए हैं वहीं कुछ एक बाबू भी वर्षों से यहां एक ही स्थान पर काम कर रहे हैं और कुछ अधिकारी तो स्थानांतरित होने के बाद भी उन्हें और कहीं नहीं भाता और वापिस लौट कर यहीं आकर अपनी धाक जमाए हुए हैं। इन हालातों के चलते ऐसे अधिकारी कर्मचारी जो वरसों से यहां वट वृक्ष की जड़ों की तरह जम चुके हैं इन हालातों के चलते ही लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है और लोग अपने कार्य निष्पक्ष तरीके से नहीं करा पाते हैं जहां वर्षों से जमे यह अधिकारी कर्मचारी अपने राजनैतिक पैर भी पसार चुके हैं जहां इनकी जड़ें पूरी तरह जम चुकी है और कहीं ना कहीं यह भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। बरसों से एक ही स्थान पर जमे यह अधिकारी कर्मचारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को भी गुमराह कर देते हैं और अपने मनमाफिक कार्य कराते रहते हैं। जिले के प्रभारी मंत्री सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी और जिले के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए और ऐसे अधिकारी कर्मचारियों को स्थानांतरित कर उनकी अदला-बदली करना चाहिए जिससे कि लोग इनके शिकंजों के शिकार ना हो सके।

