टीकमगढ़ । दिनांक 09-06-2023 को भिण्ड जिले की तहसील लहार में न्यायिक कर्मचारी विपिन दोहरे के साथ न्यायाधीश श्री कौस्तुभ खेडा द्वारा छुट्टी मांगने पर से मारपीट, गालीगलौच एवं जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के विरोध में प्रांताध्यक्ष संजय सूरौठिया के आह्वान पर एवं टीकमगढ़ जिलाध्यक्ष अंकित खरे के तत्वावधान में न्यायिक स्थापना टीकमगढ़ सहित तहसील न्यायालय जतारा, निवाड़ी ओरछा के समस्त न्यायिक कर्मचारीगणों द्वारा दो दिवस तक काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कर घटना की निंदा की गयी । प्रांताध्यक्ष संजय सूरौठिया ने बताया कि मध्यप्रदेश में विगत कई वर्षों से कुछ जिलों के कुछएक न्यायाधीश अपनी पदीय गरिमा का ध्यान न रखते हुए तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का शारीरिक एवं मानसिक रुप से प्रताडि़त करते हैं जिसके परिणाम स्वरुप पिछले कुछ वर्षों में दतिया, सागर जैसे जिलों में कर्मचारियों ने प्रताड़ना के चलते आत्महत्या कर ली एवं कई जिलों में कर्मचारी द्वारा स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का रास्ता अपना लिया है । भविष्य में इस प्रकार की घटनओं की पुनरावृत्ति न हो और ऐसे न्यायाधीश के विरुद्घ वैधानिक कार्यवाही की जावे जिसके चलते पूरे प्रदेश में न्यायिक कर्मचारियों द्वारा सामुहिकरुप से विरोध किया जा रहा है ।

