टीकमगढ़ । बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित केबिनेट में टीकमगढ़ सहित कुल 6 नये मेडीकल कॉलेजों को स्वीकृति प्रदान की गई है। मेडीकल कॉलेज की स्वीकृति मिलने पर विगत एक वर्ष से लगातार प्रयासरत भाजपा नेता विकास यादव ने चंदेरी पहुँचकर किलाकोठी पर केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया जी से मुलाकात की और उन्हें शॉल श्रीफल एवं पुष्पहार भेंट कर मेडीकल कॉलेज की स्वीकृति कराने में किये गये सहयोग के लिये उनका आभार प्रकट किया है। गौरतलब है कि मेडीकल कॉलेज की माँग टीकमगढ़ में कई दशकों से चली आ रही थी लेकिन विगत एक वर्ष से भाजपा नेता विकास यादव द्वारा माँग को तेज कर दिया गया, उन्होंने जिले में बृहद स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया था जिसको लोगों का भारी समर्थन मिला था। श्री यादव द्वारा 10 हजार लोगों के हस्ताक्षरित प्रपत्र टीकमगढ़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ बगाज माता मंदिर प्रांगण में जिले के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सौंपे थे और मुख्यमंत्री द्वारा श्री यादव को टीकमगढ़ में मेडीकल कॉलेज स्वीकृत करने का आश्वासन दिया गया था। श्री यादव ने मेडीकल कॉलेज की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, क्षेत्रीय सांसद व केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ0 वीरेन्द्र कुमार, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया, चिकित्सा शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग प्रदेश महामंत्री एवं विधायक हरिशंकर खटीक, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित नुना, खरगापुर विधायक राहुल सिंह, टीकमगढ़ विधायक राकेश गिरी, जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती उमिता सिंह के प्रति आभार प्रकट करते हुए जिलेवासियों को बधाई दी है। श्री यादव ने श्रीमंत सिंधिया को टीकमगढ़ प्रवास पर पधारने के लिये आमंत्रित किया है और श्रीमंत सिंधिया ने उनका आमंत्रण स्वीकार कर आगामी जुलाई माह में टीकमगढ़ प्रवास पर आने का आश्वासन दिया है।

