बहनों को मजबूर नहीं मजबूत बनाया जा रहा हैं – शिवराज सिंह
प्रदेश में बहनों पर अत्याचार करने वालों को होगी फांसी की सजा और घर पर चलाया जाएगा बुलडोजर – मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
ढाई घंटे विलंब से कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री
सिवनी मालवा से कृषि उपज मंडी तक रोड शो का कार्यक्रम रद्द किया गया
35000 महिला पुरुष मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल हुए
प्रशासनिक ने जमाया मजमा जोरदार व्यवस्थाएं रही
लाडली बहनों को बैठाया गया कुर्सियों पर
संवाददाता अरुण कश्यप
सिवनी मालवा
सिवनी मालवा। मैं आप सब का सगा भाई हूं, इसलिए मैंने सोचा बहनों को 1000 रुपए दूंगा बहनों का मान, सम्मान, इज्जत बड़े, इसलिए मैंने लाडली बहना योजना शुरू की। इसी के तहत लाडली बहना सेना का गठन किया गया। अब बहने ही सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन करेंगी। बहनों को मजबूर नहीं, मजबूत बनाया जा रहा है।
उक्त बात सिवनी मालवा में आयोजित मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना हितग्राही सम्मेलन एवं विकास पर कार्यक्रम में सिवनी मालवा के कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में पधारे प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों की जिंदगी बनाने का कार्य भी सरकार द्वारा किया जा रहा है। पहले बेटा बेटी में फर्क किया जाता था। मैंने मुख्यमंत्री बनने के बाद लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई। उसके बाद कन्यादान योजना बनाई। बहनों के लिए लाड़ली बहना योजना बनाई। जिसके माध्यम से प्रति माह 1 हजार रूपये बहनों के खाते में पहुंच रहे है। अब आने वाले समय में 250 – 250 रुपए बढ़ाते हुए यह राशि 3 हजार रूपये महिने तक हो जाएगी। अभी अभी प्रदेश की सवा करोड़ बहनों के खाते में 15000 करोड रुपए साल का जमा करने का कार्य सरकार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 तारीख से फिर लाडली बहना योजना का पोर्टल शुरू हो रहा है। जिनमें 21 वर्ष की आयु की बहनों को भी शामिल किया जाएगा। वहीं जिन बहनों के पास 5 एकड़ जमीन और ट्रैक्टर है, उन्हें भी इस योजना का लाभ सरकार देना शुरू कर रही है। वही बुजुर्ग माताओं की पेंशन भी 600 रुपए से बढ़ाकर 1000 रुपए की जा रही है। हमने परिवार में माता बहनों की इज्जत बढ़ाने के लिए, सम्पत्ति में उनकी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए यदि कोई माता बहनों के नाम से चल अचल संपत्ति खरीदता हैं तो उन्हें रजिस्ट्री शुल्क 1 फीसदी ही देना होगा।पंचायत, जनपद पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में बहनों की हिस्सेदारी 50 फीसदी कर दी हैं। बहनों को मजबूर नहीं मजबूत बनाया जा रहा है। इतना ही नहीं स्व सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को और मजबूत किया जाएगा। इससे सामाजिक क्रांति आ रही है। बहन बेटी इज्जत के साथ जिए। इसका ध्यान रखा जा रहा है। हमने दारू दुकानों के अहाते बंद कर दिए हैं। बहनों पर अत्याचार बर्दास्त नही किया जाएगा। ऐसे लोगों को फांसी की सजा दी जाएगी। अत्याचारियों के घरों पर बुलडोजर चलाए जाएंगे।
किसानों के हित में कोई कसर नहीं छोडेंगे
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसानों के हित में म.प्र.की सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। किसान सम्मान निधि के 6000 रुपए केंद्र सरकार और 6000 रुपए प्रदेश सरकार इस तरह 12000 रुपए साल भर में किसानों के खाते में डालें जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के लोगों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह लोग रोज मुझे पानी पी पीकर गाली देते हैं। कांग्रेस अगर आई तो सभी योजनाएं बंद कर देंगी। कांग्रेस ढोंगी है। कर्ज माफ नहीं किया लेकिन किसानों का कर्ज का ब्याज चुकाने का काम हमने किया हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर और ग्रामीण क्षेत्र में अपने स्कूलों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले बेटे, बेटियों को स्कूटी सरकार द्वारा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री का निर्धारित कार्यक्रम दोपहर 2:00 बजे का था लेकिन बनखेड़ी में उनके हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी खराबी आने के बाद वह सड़क मार्ग से चार पहिया वाहन से आए। जिसके चलते सिवनी मालवा में होने वाला रोड शो को स्थगित किया गया और मुख्यमंत्री सीधे लाडली बहना सम्मेलन कार्यक्रम में शाम 4:30 पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने बहनों के बीच बनाई गैलरी में
घूमते हुए संवाद किया
मुख्यमंत्री ने मंच पर एक जगह खड़े न होकर कार्यक्रम स्थल में लाड़ली बहनों के बीचो-बीच बनाई गई गैलरी में चलते फिरते लाडली बहनाओं से सीधा संवाद किया। उन पर पुष्प वर्षा भी की।
मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं
मुख्यमंत्री के उद्बोधन से पूर्व क्षेत्रीय विधायक प्रेमशंकर वर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन द्वारा मुख्यमंत्री से कुछ मांगे पूरी करने की मांग की गई थी। जिस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सिवनी मालवा में ऑडिटोरियम, पार्किंग, कन्या महाविद्यालय भवन, कुसुम महाविद्यालय में साइंस की पीजी क्लास शुरु कर दी जाएगी। साथ ही सिवनी मालवा से टिमरनी तक 10 मीटर चौड़ा मुख्य मार्ग बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विकासखंड टप्पा तहसील शिवपुर में आने वाले सत्र से महाविद्यालय शुरू करने की घोषणा की मुख्यमंत्री ने सिंचाई उद्वहन योजना शुरू करने के लिए सर्वे कराने की बात कहीं। आभार सिवनी मालवा नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन ने व्यक्त किया।
35000 लाडली बहना और पुरुष कार्यक्रम में हुए शामिल
सिवनी मालवा के बानापुरा कृषि उपज मंडी स्थित सम्मेलन स्थल पर जहां एक और प्रशासनिक हम लेने चाक चौबंद व्यवस्था की थी। उसे देखते हुए कार्यक्रम में लगभग 35000 महिला पुरुष युवाओं की उपस्थिति रहीं।
सिवनी मालवा से अरुण कश्यप की खास खबर