टीकमगढ़। आयुष मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार संचालित “घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग” अभियान के अंतर्गत जिले में योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. विनोद कुमार की उपस्थिति में जिले के सभी 17 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से योग दिवस के पूर्व अभ्यास एवं प्रचार-प्रसार का कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में टीकमगढ़ के उपवन पार्क में आयोजित योग शिविर में भारत सरकार के केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक ने सहभागिता की। उन्होंने योगाभ्यास करने के पश्चात जिला आयुष अधिकारी डॉ. विनोद कुमार, प्रदीप कुमार चतुर्वेदी एवं योग प्रशिक्षक मनोज कुमार खरे का साल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा जिला आयुष विभाग के कार्यों की सराहना की। साथ ही विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं भी दीं।
योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का दिया संदेश
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने शिविर में उपस्थित लोगों को योग के प्रति प्रेरित करते हुए नियमित योग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की आधारशिला है और इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
आयुर्वेद और होम्योपैथी के लाभों की दी जानकारी
योग शिविर के दौरान आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. बंशीलाल अहिरवार एवं डॉ. सत्येंद्र गुप्ता तथा होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र जैन ने लोगों को आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियों के महत्व, जीवनशैली सुधार तथा विभिन्न रोगों के उपचार संबंधी जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ दिनचर्या अपनाने और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
योग प्रशिक्षक मनोज कुमार खरे द्वारा प्रतिदिन योगाभ्यास कराया जा रहा है।
इस अवसर पर डॉ. सीता साहू, डॉ. सीमा जैन, डॉ. राजेश सूत्रकार, डॉ. अर्चना जैन, डॉ. मुकेश यादव, प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, डॉ. आर.डी. अहिरवार सहित पैरामेडिकल स्टाफ एवं जिला आयुष विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

