आमला में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एसडीएम कार्यालय को स्वीकृति

आमला . तहसील मुख्यालय पर अनुविभागीय राजस्व कार्यालय खोलने के लिए मंगलवार को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। आमला को नया अनुभाग सृजित करने के साथ 12 पद स्वीकृत किए गए हैं।आमला तहसील बनाने के बाद भी यहां पर अनुविभागीय अधिकारी की पद स्थापना नही की गई थी। मुलताई अनुविभागीय अधिकारी के पास ही आमला तहसील का नियंत्रण था। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को मुलताई जाना पड़ता था। लंबे समय से जनता के द्वारा आमला में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व का कार्यालय खोलने की मांग की जा रही थी।विधानसभा चुनाव के पहले आखिर सरकार ने आमला में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व का कार्यालय खोलने और 12 पद स्वीकृत कर दिए हैं। इस प्रकार है तहसील आमला के पटवारी हल्का 01 से 70 तक कुल 70 पटवारी हल्के समाविष्ट होंगे। कार्यालय संचालन के लिये कुल 12 पद स्वीकृत किये गये है। जिसमें अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) का 1, स्टेनो टायपिस्ट का 1, सहायक ग्रेड-2 के 2, सहायक ग्रेड-3 के 3, वाहन चालक का 1 और भृत्य के 4 पद शामिल है।
