बेरोजगार युवाओं ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर की दुकान आवंटन की मांग

थाना परिसर के आसपास दुकान लगाने समान रूप से दिया जाये स्थान
आमला. थाना परिसर के बांउड्रीवाल से लगी जमीन पर फिर से दुकानें लगाने की तैयारी चल रही है। लोगों ने मनमुताबिक दुकानो को आकार देना शुरू कर दिया है। ऐसे में कई दुकानदारों को जगह तक नहीं मिल पा रही। इसे लेकर बेरोजगार युवाओं ने आमला तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में सभी दुकानदारों को समान रूप से 10 बाय 10 फीट की जगह आवंटित करने की मांग की है। ताकि बेरोजगार युवा भी दुकान लगाकर रोजगार कर सके। दरअसल थाने की बाउंड्रीवाल के आसपास व्यापारियों द्वारा दुकानें लगाई जा रही है। जिनका क्षेत्रफल 10 बाय 40 फीट है। कुछ लोगों ने चार-चार दुकानों का स्थान घेर रखा है। इस वजह से सभी को पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही। यदि यहीं हालात रहे तो कई बेरोजगारों को दुकान लगाने के लिए यहां-वहां भटकना पड़ेगा। गौरतलब रहे कि कुछ महीने पहले पीडब्ल्यूडी विभाग ने थाने की बाउंड्रीवाल से लगी दुकानों को अतिक्रमण के रूप में चिन्हित कर हटा दिया था। जिसके बाद से सभी दुकानदार यहां-वहां दुकाने लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। ऐसे में बेरोजगारो को रोजगार की धारा से जोडऩे के लिए पर्याप्त स्थान देने की मांग की जा रही है।
दुकानदारों की मनमानी, नहीं मिल रही जगह ……………
थाना परिसर की बाउंड्रीवाल के किनारे दुकानदारों ने बड़े स्तर पर अतिक्रमण कर लिया है। ज्यादा से ज्यादा जगह पर कब्जा करने के लिए बांस-बल्लियां लगा रखी है। जिससे सभी दुकानदारों को स्थान नहीं मिल पा रहा है। बेरोजगार युवा मनीष जैन, पंकज जैन, उन्नत, भविष्य, छोटू कुंभारे ने बताया कि उक्त स्थान पीडब्ल्यूडी विभाग के अंतर्गत आता है, जहां दुकानदार अपनी फुटकर दुकाने लगाकर रोजगार करते है। लेकिन कुछ लोगों ने स्थाई तौर पर बांस-बल्लियां बांधकर 40-50 फीट तक अतिक्रमण कर लिया है। इससे अन्य लोगों को दुकान लगाने के लिए जगह तक नहीं मिल रही है। जिन्हें जगह नहीं मिल रही, वे दुकानदार परेशान है। कुछ लोगों द्वारा अस्थाई दुकान बनाकर किराये से देनेे की भी तैयारी की है।
सभी को समान रूप से दी जाये जगह …………….
बेरोजगारों ने तहसीलदार से सभी दुकानदारों को समान रूप से स्थान दिये जाने की मांग की है, अन्यथा सभी दुकानें हटाने का आग्रह किया है। मनोज प्रजापति, मनीष जैन, पंकज जैन ने बताया कि उक्त स्थान पर 10 बाय 10 की जगह आवंटित की जाती है तो सभी को अपनी-अपनी दुकानें लगाने के लिए स्थान मिल जायेगा। इससे बेरोजगारों को रोजगार भी मिलेगा, किन्तु इसके विपरीत कुछ दुकानदार मनमानी पर उतारू है। युवाओं का कहना है कि जनपद पंचायत के आसपास भी इसी तरह के हालात है। इस स्थान पर भी सभी को व्यवस्थित किया जाये। ताकि सभी को समान रूप से व्यापार करने का अवसर मिल सके।
इनका कहना है ………………………
कुछ युवाओ ने ज्ञापन दिया है लेकिन उस जगह पर किसी को जगह आवंटित नही की जा सकती है जिन लोगो ने दुकान लगाई है उन लोगो ने अतिक्रमण किया है पूर्व में भी अतिक्रमण हटाया गया था। पुनः अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जायगी
पूनम साहू तहसीलदार आमला
