महामहिम राष्ट्रपति ने वर्चुअली किया आयुष्मान भवः अभियान का शुभारं
नर्मदापुरम/कन्हैया लाल वर्मा/ 13 सितम्बर 2023/भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू द्वारा वर्चुअली आयुष्मान भव: अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश राज्य में इसकी रूपरेखा तथा माईक्रोलेवल पर व्यापक तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ.प्रभुराम चौधरी, चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग, अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान, स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. सुदाम खाडे़ द्वारा अभियान की विस्तार से जानकारी दी गई।
उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भव: अतंर्गत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जन समुदाय को विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। स्वच्छता अभियान के तहत समस्त स्वास्थ्य संस्थानों, हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल अस्पताल, जिला चिकित्सालय एवं चिकित्सा महाविद्यालय में स्वच्छता के लिए अभियान चलाया जाएगा। जिसमें ग्राम पंचायत सदस्यों जन आरोग्य समिति सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। आयुष्मान भव: अतंर्गत रक्तदान शिविर तथा अंगदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। आयुष्मान आपके द्वार 3.0 का विशेष अभियान 17 सितंबर से संचालित करते हुए समस्त हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। इसके पश्चात सभी हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर तथा चिकित्सा महाविद्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयुष्मान मेलो का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 2 अक्टूबर को प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयुष्मान सभा का आयोजन किया जाएगा।
