तीन दिन से अंधेरे में रह रहे परिवार, न अधिकारी सुन रहे, न ही लाइनमैन

पहले भरो खेत का बिजली बिल, फिर जोड़ेगे घर का कनेक्शन
आमला। ससाबड़ पंचायत के दो परिवार पिछले तीन दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर है। बिजली उपभोक्ताओं द्वारा कई बार बिजली सप्लाई बंद होने की शिकायत भी की गई, लेकिन न अधिकारी दिलचस्पी दिखा रहे है और न ही लाइनमैन कनेक्शन ठीक कर रहे है। जिसके कारण बिजली उपभोक्ताओं को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। सबसे खासबात यह है कि जिम्मेदार अधिकारी तो छुट्टी पर होने की बात कह रहे है। ऐसे में बिजली उपभोक्ताओं को आगामी दो दिन और अंधेरे का सामना करना पड़ेगा। दरअसल ससाबड़ निवासी भैयालाल टिकारे टिकारे और रामसिंग परिहार के घर की बिजली पिछले तीन दिनों से बंद है। जब इसकी शिकायत ग्रामीण विद्युत वितरण कंपनी अंबाड़ा के लाइनमैन वागद्रे से की तो लाइनमैन का कहना था कि पहले खेत के बिजली बिल का भुगतान करो, इसके बाद ही घर की लाइन जोड़ी जाएगी। गौरतलब रहे कि दोनों कनेक्शन अलग-अलग है। घर के बिजली कनेक्शन का बिल भुगतान किया जा चुका है। लेकिन फिर भी बिजली कनेक्शन नहीं जोड़ा जा रहा है। जिससे दोनों घरों के परिवारों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है।
इनका कहना है –
मैं अभी छुट्टी पर हूं। दो दिन बाद आऊंगा, तब दिखवाता हूं कि क्या मेटर है।
– दिनेश्वर बंसोड, जेई, विद्युत वितरण कंपनी अंबाड़ा (पंखा)
अभी मैं बात नहीं कर सकता हूं। बार-बार फोन मत करो। जब तक पंप का बिजली बिल नहीं भरेगे, तब तक लाइन नहीं जोड़ेगे।
– बलदेव वागद्रे, लाइनमैन, बिजली विभाग ग्रामीण, अंबाड़ा।
