नर्मदापुरम/कन्हैया लाल वर्मा/ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ आज ऑनलाइन बैठक की और विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान श्री राजन ने कहा कि 4 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद से मतदाता सूची में किसी भी मृत या दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाता का नाम नहीं होना चाहिए। यदि किसी बीएलओ की मतदाता सूची में मृत और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाता पाए जाते हैं तो संबंधित बीएलओ, ईआरओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मतदाता सूची के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अंतर्गत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए प्राप्त हुए आवेदनों का समय सीमा के अंदर निराकरण करने के निर्देश दिए।
मतदाता सूची के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 अंतर्गत 2 अगस्त से 11 सितंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए ऑनलाइन, ऑफलाइन के माध्यम से आवेदन प्राप्त हुए। जिसका समय सीमा के अंदर निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।
4 अक्टूबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर होगा मतदाता सूची का वाचन
4 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का वाचन किया जाएगा। इस दौरान सेक्टर अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के साथ बैठक की जाएगी।

