नर्मदापुरम/कन्हैया लाल वर्मा
/ कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने सोमवार को कलेक्टोरेट में आयोजित समयसीमा की बैठक में सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए कि अतिवर्षा के कारण आंशिक और पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए मकानों के प्रकरण तैयार कर प्रभावितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने एमपीआरडीसी ,पीडब्ल्यूडी, एनएच, पीएमजीएसवाई को क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल पुलियों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि विगत दिनों हुई भारी वर्षा के कारण किसी प्रकार का गंभीर नुकसान नहीं हुआ हैं।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने मतदाता सूची के आवेदनों के निराकरण की भी विधानसभावार समीक्षा की। उन्होंने 11 सितंबर तक प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि मृत और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नाम हटाने के प्राप्त आवेदनों का भी शत प्रतिशत निराकरण कराएं। ताकि शुद्ध मतदाता सूची तैयार हो सके। उन्होंने मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियों का भी प्रभावी ढंग से आयोजन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की गैस कनेक्शनधारी महिलाओं को 450 रूपये में गैस सिलेंडर प्रदाय योजना में पंजीयन की जनपदवार समीक्षा की। उन्होंने कैंप लगाकर हितग्राहियों के पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना की भी समीक्षा कर पात्र महिलाओं के पंजीयन किए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अब ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य जी की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम 21 सितंबर को किया जाएगा। जिले के प्रमुख मंदिरों में कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्था की जाए। उन्होंने निर्माण विभाग अंतर्गत विभिन्न प्रगतिरत एवं अप्रारंभ विकास कार्यों की समीक्षा कर अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों के आधार और समग्र आईडी बनाएं जाए। ताकि बच्चों की एजुकेशन पोर्टल पर एंट्री की जा सकें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अनुकम्पा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का भी निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने धारणाधिकार योजना और मुख्यमंत्री भू अधिकार आवास योजना की भी समीक्षा कर प्राप्त आवेदनों के निराकरण में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंशन पंजीयन के प्रकरणों की भी समीक्षा कर कम प्रगति वाले सीएमओ और सीईओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी विभागवार विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक समाधान किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 50 दिवस से अधिक की शिकायतों के निराकरण में विशेष ध्यान दें। उन्होंने सीमांकन के प्रकरणों के निराकरण में विशेष ध्यान देने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का भी गंभीरतापूर्वक निराकरण करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री एस एस रावत, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र कुमार सिंह सहित सभी विभागो के अधिकारी उपस्थित रहें।

