आमला में उपपंजीयक की पदस्थापना की जाए नही तो होगा आंदोलन
आम आदमी पार्टी ने कहा नहीं हुई नियुक्ति तो करेंगे आंदोलन
आमला। आमला में उप पंजीयक की पदस्थापना किये जाने की मांग तेज हो गई है। सोमवार को आम आदमी पार्टी ने उप पंजीयक की पदस्थापना किये जाने की मांग को लेकर जिला पंजीयक दिनेश कौशिक को ज्ञापन सौंपा। कमलेश अतुलकर, रवि देशमुख, राजेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आमला तहसील एवं शहर से करोड़ों रुपए का राजस्व शासन को प्राप्त होता है। बुजुर्ग, किसानों एवं संपत्ति की खरीद बिक्री करने वाले प्रत्येक आम नागरिक को छोटे-छोटे कामों के लिए बैतूल और मुलताई जाना होता है। यदि किसी बुजुर्ग को वसीयत बनानी हो, संपत्ति दान करनी हो, तो उसे भी बैतूल या मुलताई जाना होता है जहां पर पहले से ही पंजीयन कराने की काफी भीड़ होती है। यहां भी ई-सर्विस के माध्यम से दस्तावेजों का पंजीयन होता है। स्लॉट बुक करने होते हैं। उसके बाद उपपंजीयक कार्यालय के समक्ष उपस्थित होकर रजिस्ट्री करानी होती है। यह व्यवस्था आमला तहसील में भी शुरू की जा सकती है, लेकिन शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं दे रहे है। जिसकी वजह से आमजनता को परेशान होना पड़ रहा है।
लगाने पडते है बार-बार चक्कर …………
दस्तावेज पंजीयन के लिए बुजुर्गों को लेकर बैतूल जाना पड़ता है। इसमें बुजूर्गो को काफी परेशानी होती है और लंबा इंतजार भी करना पड़ता है। कई बार सर्वर डाउन रहने की भी समस्या बनी रहती है। जिसके कारण लोगों को वापस लौटना पड़ जाता है। दूसरे दिन पुन: परेशानियां उठानी पड़ती है। अधिवक्ता राजेंद्र उपाध्याय ने बताया कि विगत कई वर्षों से लगातार शासन से इस संबंध में मांग कर रहे हैं। ज्ञापन देकर लगातार कोशिश की जा रही है। अधिवक्ता आरके देशमुख ने कहा कि वह स्वयं कमिश्नर नर्मदापुरम से मिलकर इस समस्या के निदान के लिए कोशिश कर चुके हैं। लेकिन अब तक उप पंजीयक की नियुक्ति नहीं हो सकी।
जल्द ही रूपरेखा बनाकर करेगे आंदोलन …………….
आम आदमी पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश अतुलकर ने बताया कि वह उप पंजीयक की नियुक्ति के संबंध में शीघ्र रूपरेखा बनाकर आंदोलन करेंगे। अधिवक्ता दिलीप सोनी का कहना है कि यदि उप पंजीयक की व्यवस्था आमला में हो जाती है, तो शासन के राजस्व में और बढ़ोतरी हो सकती है। प्रशासन के पास भवन की समस्या है तो जनपद चौक के पास स्थित नगरपालिका के पुराने स्कूल या तहसील परिसर में फिलहाल उपपंजीयक कार्यालय प्रारंभ किया जा सकता है। विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा शासन से इस संबंध में ज्ञापन के माध्यम से लगातार मांग की जा रही है। आप ने जन हित को देखते हुए आमला में उप पंजीयक की नियुक्ति करने की मांग की है।
