आमला में आज लगेगा मोतियाबिंद जांच परामर्श उपचार एवं ऑपरेशन शिविर

युवा साहू समाज सेवा संगठन करेगा आमला में आयोजन
आमला। युवा साहू समाज सेवा संगठन जिला बैतूल के तत्वाधान में एवं पाढ़र चिकित्सालय, जिला दृष्टिविहिनता नियंत्रण समिति बैतूल एवं स्वास्थ्य विभाग आमला के सहयोग से आज 4 अक्टूबर दिन बुधवार को सुबह 10:30 बजे से 2 बजे तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमला में विशाल मोतियाबिंद जांच, परीक्षण, उपचार ,परामर्श एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के गोपाल साहू एवं अजय जीतपुरे ने बताया कि इस शिविर में 60 वर्ष से अधिक उम्र के महिला एवं पुरुष वृद्धजनों की आंखों की जांच कर आंखों में मोतियाबिंद पाए जाने पर मरीज के ऑपरेशन पाढर चिकित्सालय में किए जाएंगे ,मोतियाबिंद के मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमला से वाहन द्वारा पाढ़र अस्पताल ले जाया जाएगा एवं ऑपरेशन पश्चात वाहन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमला में पहुंचा दिया जाएगा। मोतियाबिंद से पीड़ित वृद्धजनों से आग्रह है कि वे अपने साथ अपना आधार कार्ड एवं घर के किसी एक सदस्य का मोबाइल नंबर अवश्य लेकर आवे, ऑपरेशन हेतु आने वाले मरीज सिर से नहाकर एवं एक जोड़ी कपड़े साथ लेकर आवे, मोतियाबिंद से पीड़ित मरीज अपने साथ एक प्लेट एवं गिलास लेकर आवे, जो मरीज दमा, ब्लडप्रेशर , मधुमेह एवं अन्य बीमारियों से पीड़ित है तो वे अपने साथ ली जाने वाली दवाइयां एवं डॉक्टरों की पर्ची साथ लेकर आवे जिससे उनके उपचार में और अधिक सुविधा हो सकेगी। संस्था ने आमला के सभी मोतियाबिंद पीड़ित मरीजों से इस मोतियाबिंद शिविर का लाभ लेने का आग्रह किया है।
