55 रक्तदाताओं ने मरीजों और जरूरतमंदों के लिए रक्तदान
रक्तदान करने युवाओं के साथ-साथ महिलाएं भी आई आगे
आमला। जनसेवा कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का जबरदस्त जज्बा देखने को मिला। 55 रक्तदाताओं ने रोगियों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया। जनसेवा कल्याण समिति के राहुल धेण्डे व सागर चौहान ने बताया कि सिविल हॉस्पिटल आमला में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। बोडख़ी के युवा व्यापारी राजा राठौर द्वारा उनकी बिटिया मिशिका राठौर के जन्मदिन को परोपकार के रूप में मनाने की इच्छा व्यक्त की गई और मिशिका के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन करना तय हुआ। इस नवाचार को सफल बनाने में जनसेवा कल्याण समिति की टीम मन से जुट गई, और परिणाम हर बार की तरह सुखद ही रहा और कुल 55 यूनिट रक्त एकत्र हो गया। समिति के अमित यादव व गोल्डी भाटिया बताते है कि ये रक्तदान शिविर अपने आप में अनूठा रहा। जिसमें एक छोटी बच्ची के जन्मदिन के अवसर को इस तरह मनाया गया। बच्ची को शुभकामनाए देने के साथ, रोगियों को रक्तदान करने बड़ी संख्या में रक्तदाता जुटे जिसमे महिलायें भी शामिल थी।
25 युवाओं ने किया रक्तदान ………….
बंटी प्रजापति व राजा राठौर ने बताया कि शिविर में पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं की संख्या अधिक थी। तकरीबन 25 युवा पहली बार रक्तदान करने आये, युवाओं का जोश व परोपकार की ये भावना भविष्य की उम्मीद जगाती है कि कहीं हो न हो, लेकिन आमला में परोपकार की ये गंगा निरंतर बहती रहेगी। भावेश मालवीय व हर्षित ठाकरे ने बताया कि कुछ रक्तदाता ऐसे भी थे, जो श्राद्ध पक्ष में अपने दिवंगत परिचितों की याद में रक्तदान करने पहुँचे थे।
