मतदान कर्मी मतदान केन्द्रों के लिए हुए रवाना, मतदान को लेकर मतदाताओं में भी उत्साह

आज 17 नवंबर को 2 लाख 16 हजार मतदाता करेगे मतदान
आमला. विधानसभा निर्वाचन के लिए आज 17 नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए गुरूवार को मतदान दल रवाना हो गया है। सुबह से ही मतदान दल ईवीएम मशीने और चुनाव सामग्री लेकर अपने-अपने केन्द्रों के लिए निकल गये थे। मतदान दलों को केन्द्र तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई थी। आमला तहसीलदार श्रीमती पूनम साहू ने बताया कि आमला विधानसभा के लिए प्रशासन ने कुल 276 मतदान केन्द्र बनाये है। जिसमें 82 मतदान केन्द्रों को क्रिटिकल पोलिंग बूथों की श्रेणी में रखा गया है। वहीं 45 मतदान केन्द्रों पर कैमरे लगाये है, जहां वेब कास्टिंग के माध्यम से प्रसारण होगा। गौरतलब रहे कि विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान आज 17 नवंबर सुबह 7 बजे से शुरू होगा। मतदाता शाम 6 बजे तक मतदान कर सकेगे। मतदान के बाद मतगणना 3 दिसंबर को होगी। मतदान के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से कहा है कि वे मतदाता परिचय पत्र के अलावा 12 वैकल्पिक फोटो युक्त दस्तावेज दिखाकर मतदान कर सकते हैं। मतदान को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है।
विधायक चुनने 2 लाख 16 हजार मतदाता करेगे मतदान …………..
आमला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,16,593 मतदाता है। विधानसभा चुनाव 2023 के लिए जारी मतदाता अंतिम सूची में पुरूष मतदाताओं की संख्या 109907 है और महिला मतदाताओं की संख्या 106684 है। इसके अलावा अन्य 1 मतदाता है। मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केन्द्रों पर रैंप, शौचालय, रोशनी, पेयजल, बैठक आदि आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतदान केंद्रों पर दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं की सुविधा के लिए व्हीलचेयर की भी व्यवस्था रहेगी। 159 दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं ने घर पहुंच मतदान की सहमति दी थी। जिनमें से 7 नवंबर को 153 मतदाताओं का घर पर मतदान करवाया जा चुका है। आज 17 नवंबर को शेष मतदाता अपने मताधिकारों का प्रयोग करेगे।
मतदान के लिए यह दस्तावेज भी मान्य …………
मतदाता मतदान के समय परिचय पत्र अवश्य रखें। निर्वाचन परिचय न होने की दशा में वैकल्पिक परिचय पत्र भी मान्य हैं। कलेक्टर अमनबीर सिंह बैस ने बताया कि वैकल्पिक परिचय पत्र के रूप में मतदाता अपना आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंकों, डाकघरों द्वारा जारी किए गए फोटो युक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, डाईविंग लाइसेन्स, पैन कार्ड, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केन्द्र, राज्य सरकार, लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारी को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र, यूनिक डीएबिलिटी आईडी यूआईडी कार्ड, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य है।
मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह ………….
मतदान को लेकर मतदाताओं में भी खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। ज्यादा उत्साह युवा मतदाताओं में है, जो पहली बार अपने मतों का उपयोग करेगे। इधर मतदान को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां पूरी कर ली है। मतदान कर्मी अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंच गये है। जीपीएस से लैस वाहनों से पोलिंग पार्टियों और ईवीएम को भेजा गया है। आयोग ने पूरी प्रक्रिया की पारदर्शीता और निगरानी के लिए पीठासीन, सेक्टर और रिटर्निंग अधिकारियों को नियुक्त किया है। संवेदनशील पोलिंग बूथ पर सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम किए गए है। प्रशासन ने मतदाताओं से स्वतंत्र, निर्भिक, निष्पक्ष होकर मतदान करने की अपील की है।
