किसान का कब्जा हटाने गई तहसीलदार का वाहन रोका
आरोप- बिना मुआवजा फसल पर चलवा दी जेसीबी, अधिकारी बोलीं- अधिग्रहण किया है
आमला. नगरपालिका के बैराज के लिए कब्जा हटाने गई आमला तहसीलदार पूनम साहू को आज (शनिवार को) किसानों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। किसान के घरों की महिलाओं और पुरुषों ने उनका वाहन रोक लिया और जमकर अपनी भड़ास निकाली। उनका आरोप है कि प्रशासन जबरदस्ती उनकी खेती की जमीन खराब कर रहा है। फसल पर रात में जेसीबी चलाकर रास्ता बना दिया गया। जबकि तहसीलदार का कहना है कि रास्ते के लिए जमीन अधिग्रहित की गई है। आमला में नगरपालिका के फिल्टर प्लांट बैराज तक पहुंच के लिए एक रास्ता बनाया जाना है। यह काजली रेलवे गेट के पास बेल नदी पर है। प्रशासनिक अमला आज यहां एमपीयूडीसी एमपी अर्बन विकास प्राधिकरण के लिए जमीन का अधिग्रहण करने पहुंचा था। तहसीलदार पूनम पांडे भी यहां मौजूद थी। आरोप है कि अमले ने किसान हेमंत गंगारे की फसल पर जेसीबी चलाकर खेत से रास्ता बना दिया। जिससे किसान और उनका परिवार भड़क गया। उन्होंने मौके पर मौजूद तहसीलदार का वाहन रोक लिया और जमकर ऐतराज जताया।
किसान बोले- हमसे अनुमति नहीं ली………………….
किसानों का कहना है कि लालावाडी से नगर पालिका आमला की पेय जल के लिए पानी की सप्लाई होती है। जहां एक पुराना रास्ता है, जिससे अभी तक काम हो रहा था और उसी रास्ता से अभी भी काम चल रहा है। लेकिन फिल्टर प्लांट के लिए नगरपालिका द्वारा पुराना रास्ता होने के बावजूद एक नया रास्ता बनाया जा रहा है जो कि उनके खेत से होकर गुजरेगा। इसके लिए उनसे कोई अनुमति, सहमति नहीं ली गई है। किसान ने इस मामले को लेकर एसडीएम से लेकर कलेक्टर तक से शिकायतें की है। यहां तक की आपत्ति तक प्रस्तुत की है, लेकिन उन्हें कहीं भी सुना नहीं गया है।
जमीन की गई है अधिग्रहित……………..
इस मामले में आमला की तहसीलदार पूनम साहू का कहना है कि जहां बैराज बना हुआ है वहां पहुंच के लिए जमीन अधिग्रहित की गई है। एक किसान बहुत दिनों से एमपी यूडीसी को कब्जा नहीं दे रहे थे, उनका कब्जा दिलाने के लिए आज कार्रवाई की गई है। इसके लिए इन्हें पहले भी समझाया गया था, किसान ने भूमि के अधिग्रहण का मुआवजा लेने से मना कर दिया था, उन्हें कहा गया है कि वे इस मामले में अपील कर लें। हमने आज अधिग्रहण के आदेश के पालन में कब्जे की कार्रवाई की है। उन्होंने राजस्व विभाग के कर्मचारियों और यहां तक कि उनके वाहन को भी रोका है आगे भी ऐसा करेंगे तो एमपीयूडीसी की तरफ से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
