टीकमगढ़। जिले में अवैध शराब विक्रय के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। सोमवार को शहर के रौरईया मोहल्ले की महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अवैध शराब विक्रय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपकर मोहल्ले में अवैध शराब का विक्रय करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
आपको बता दें कि शहर के रौरईया मोहल्ले में अवैध और मिलावटी शराब का सेवन करने से कई मौत हो चुकी है। इसके अलावा शराब के नशे में लोग महिलाओं के साथ मारपीट करते हैं। इसके विरोध में आज मोहल्ले की महिलाएं एकजुट होकर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची।
उन्होंने एसपी रोहित काशवानी से मुलाकात कर मोहल्ले में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन के दौरान कोमल चंद्र अहिरवार ने बताया कि शराब का सेवन करने से कुछ महीने पहले एक 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी।
इसके पहले तीन अन्य लोग भी इस जहर का शिकार बने थे। मोहल्ले की महिलाओं ने कहा कि शहर में अवैध शराब का विक्रय पुलिस की सांठगांठ से हो रहा है। शराब के नशे में पति आए दिन घर में झगड़ा और मारपीट करते हैं। जिससे कई परिवार टूटने की कगार पर पहुंच गए हैं।
महिलाओं ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर जल्द ही अवैध और मिलावटी शराब बेचने वालों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो मोहल्ले की महिलाएं धरना प्रदर्शन कर आंदोलन करेंगी। महिलाओं की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

