नर्मदापुरम/कन्हैयालाल वर्मा/ लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 17 होशंगाबाद अंतर्गत आने वाले नर्मदापुरम जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों समेत अन्य जिलों की बाकी चार विधानसभा क्षेत्रों में भी शुक्रवार 26 अप्रैल को शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सोनिया मीना के निर्देशन में सभी 1187 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधाओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई।
कलेक्टर एवं जिला निवार्चन अधिकारी सोनिया मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरन सिंह ने सुबह से ही संसदीय क्षेत्र होशंगाबाद अंतर्गत आने वाले नर्मदापुरम जिले के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण कर मतदान केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करने के लिए निर्देशित किया। मतदान करने के लिए युवाओं, सहित बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों में भारी उत्साह देखा गया। सभी विधानसभा क्षेत्र में आदर्श मतदान केंद्र, पिंक बूथ, युवा केंद्र केंद्र और दिव्यांग मतदान के लिए केंद्र भी बनाए गए। गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभी मतदान केंद्रों पर छाया, पेयजल, स्वास्थ्य आदि अन्य व्यवस्थाओं के अलावा दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं के लिए भी रैम्प, व्हीलचेयर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसी के साथ जिन परिवारों में शादी हैं, जो बुजुर्ग है, दिव्यांग हैं उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर मतदान करने के लिए सुविधाएं प्रदान की गई। विभिन्न मतदान केंद्रों पर शादी के लिए तैयार दूल्हा, दुल्हन के साथ उनके परिवारजनों ने भी मतदान कर अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। नर्मदापुरम जिले के मतदाता जो कि नोकरी, व्यवसाय आदि कारणों से जिले या प्रदेश के बाहर निवासरत है वे भी आज मतदान दिवस के दिन अपना मताधिकार का प्रयोग करने अपनें अपनें निर्धारित मतदान केन्द्रों पर मतदान करने पहुंचे।

