टीकमगढ़। देश के ख्यातिलब्ध व्यंग्यकार , देश के सर्वाधिक सक्रिय व्यंग्य समूह समकालीन व्यंग्य के संस्थापक और व्यंग्य लोक पत्रिका के संपादक एवं मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन की प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य रामस्वरूप दीक्षित को मध्य प्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन द्वारा व्यंग्य विधा में उनके अवदान के लिए मणिदीप सृजन सम्मान दिए जाने की घोषणा की गई है।
यह सम्मान देशबन्धु पत्र समूह के निदेशक, जबलपुर तथा सतना संस्करण के सम्पादक रहे स्व.दीपक सुरजन और उनकी पत्नी स्व. मणि सुरजन की स्मृति में उनकी सुपुत्री सुश्री कृति थेपड़े एवं सुपुत्र श्री आभास सुरजन द्वारा प्रायोजित किया जा रहा है। इस सम्मान के अंतर्गत 5100 रुपए की राशि, प्रशस्ति पत्र के साथ भेंट की जायेगी ।
श्री दीक्षित को यह सम्मान, 14 से 16 जून को आयोजित होने वाले नीलम जयंती शब्द उत्सव के अध्यक्ष और मुख्य अतिथि के हाथों प्रदान किया जायेगा। ज्ञातव्य है कि सन 2022 में भारतीय ज्ञानपीठ से प्रकाशित श्री दीक्षित के लोकप्रिय व्यंग्य संग्रह टांग खींचने की कला के अब तक तीन संस्करण प्रकाशित हो चुके हैं , जो हिंदी व्यंग्य के इतिहास में एक रिकॉर्ड है। उनकी रचनाओं का अंग्रेजी सहित अन्य भारतीय भाषाओं में अनुवाद हो चुका है।
व्यंग्य विधा को लेकर समय समय पर दिए गए उनके व्याख्यान काफी चर्चित रहे हैं। वे अनेक अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन आयोजनों में व्यंग्य पाठ कर चुके हैं।
वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बहरीन के न्यूज चैनल टेन न्यूज पर व्यंग्य विमर्श का एक ऐतिहासिक कार्यक्रम भी कर चुके हैं।
उन्हें यह सम्मान मिलने पर सम्मेलन की जिला इकाई अध्यक्ष विनीता शमी नाग सहित जिले के सभी साहित्यकारों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उनकी इस उपलब्धि के लिए डॉ प्रेम जनमेजय , प्रो राजेश कुमार, डॉ रमेश तिवारी, रमेश सैनी , सुभाष चंदर , हरीश नवल , सूर्यबाला , स्नेहलता पाठक , रणविजय राव , डॉ महेंद्र कुमार ठाकुर, टीकाराम साहू आजाद , संतोष श्रीवास्तव , डॉ बहादुर सिंह परमार, राज शेखर चौबे सहित देश के अनेक व्यंग्य कारों सहित , कनाडा से धर्मपाल महेंद्र जैन, हंसा दीप , दुबई से स्नेहा देव , आरती लोकेश गोयल , बहरीन से अनुपम रमेश किंगर , इंग्लैंड से दिव्या माथुर और तेजेंद्र शर्मा ने उन्हें बधाई दी है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

