टीकमगढ़। कलेक्टर अवधेष शर्मा तथा पुलिस अधीक्षक रोहित काषवानी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज आगामी पर्व,त्यौहारों के मनाये जाने के संबंध में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर नगर पालिका टीकमगढ़ अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मलिक, अन्य जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, अपर कलेक्टर पीएस चौहान, एएसपी सीताराम ससत्या, एसडीएम टीकमगढ़ संजय दुबे सहित संबंधित पुलिस अधिकारी, प्रषासनिक अधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री शर्मा ने जिलेवासियों से पर्व को सौहार्दपूर्ण एवं परम्परा के अनुरूप मनाने की अपील करते हुए त्यौहारों की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से सद्भावना एवं शांतिपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि आगामी पर्व,त्यौहारों के अवसर पर विद्युत विभाग द्वारा विद्युत वायर सुरक्षा हेतु हाइट रस्ट्रिक्शन लगाये जायेंगे। इस हेतु विभाग द्वारा कार्यक्रम से पहले मॉक ड्रिल की जाये, जिससे सुरक्षात्मक उपाय किया जा सके और सर्विस वायर ब्रेक नहीं हों। उन्होंने निर्देषित किया कि नदी/नालों के पास पुलिस बल की तैनाती की जाये। कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन यंत्रों को आयोजकों द्वारा लगाया जाना सुनिश्चित किया जाये। आयोजन के दौरान अग्निशमन वाहनों, एम्बुलेंस आदि आपातकालीन वाहनों को व्यवस्था की जाये। आयोजन स्थलों पर चिकित्सा सुविधा व्यवस्था रखी जाये। पुलिस अधीक्षक श्री काषवानी ने कहा कि सौहार्दपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाया जाये। प्रशासन और पुलिस शांति व्यवस्था को बनाये रखने के लिए हर संभव प्रयास सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि आम जन के सहयोग से पर्व के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। उन्होंने बताया कि ताजिया और मूर्ति की जमीन से हाईट 15 फीट रखी जाये। जुलूस से सम्बंधित पक्ष के 10-10 लोग पुलिस प्रशासन का सहयोग करेंगे। धार्मिक कार्यक्रमों के सम्पूर्ण होने के अलगे दिन सभी मिलकर सफाई करेंगे और समीक्षा बैठक अगले ही दिन आयोजित किया जायेगी। साथ ही उन्होंने समिति के सदस्यों से कहा कि डीजे बजाने की अनुमति रात्रि 10 बजे तक ही रहेगी तथा डीजे में 2 बाॅक्स का उपयोग किया जाये। बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे, जिसके संबंध में व्यावहारिक कार्यवाही करने की बात कही गई।