टीकमगढ़। कलेक्टर श्री अवधेश शर्मा ने जिलेवासियों से अपील की है कि उफनते नदी नालों या जल भराव वाले क्षेत्रों के आसपास नहीं जायें। उन्होंने कहा कि पुल-पुलियों में ऊपर से पानी बहने की स्थिति में यात्रा न करें, तेज धार या पुलिया के ऊपर पानी होने पर पार नहीं करें, स्थिति सामान्य होने का इंतजार करें। नदियों के घाटों तथा निचले इलाकों पर विशेष सावधानियां बरती जाएं। ज्ञातव्य है कि वर्तमान में सम्पूर्ण जिले में मानसून की गतिविधियां सक्रिय होने से भारी वर्षा,वर्षा हो रही।बारिश हो जाने से नदी, नाले, पुल, पुलियों में तेज बहाव है या उफान पर हैं, कुछ जगह पुल-पुलियों में ऊपर से पानी बह रहा है, कुछ जगहों में जल भराव की स्थिति भी है। जिले में तेज बारिश होने से बान-सुजारा बांध के गेट भी खोलने पड़ रहें हैं, ऐसी स्थिति में लगातार जानकारी रखते हुए प्रशासन द्वारा जन-धन की हानि बचाने हेतु किये जा रहे प्रयासों में सहयोगी बनें। बाढ़ या पानी बढ़ने की सूचना संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी, सीईओ जनपद पंचायत, कलेक्टर या पुलिस अधीक्षक सहित कंट्रोल रूम को अवश्य दें तथा व्यवस्था का इतंजार करें। आप सभी से सहयोग अपेक्षित है।

