टीकमगढ़। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार आज14 सितम्बर 2024 को नेशनल लोक अदालत आयोजन किया जा रहा है। नेशनल लोक अदालत का प्रारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री हितेन्द्र सिंह सिसौदिया द्वारा ए.डी.आर. भवन जिला न्यायालय टीकमगढ़ में प्रातः 10.30 बजे किया जायेगा। नेशनल लोक अदालत में न्यायालय के राजीनामा योग्य लंबित प्रकरणों का अधिक संख्या में निराकरण किया जायेगा। लोक अदालत में न्यायालय में राजीनामा योग्य लगभग 2184 प्रकरणों एवं बैंक, नगर पालिका, विद्युत विभाग के लगभग प्रीलिटीगेशन प्रकरणों 4443 के निराकरण हेतु सम्पूर्ण जिले में कुल 29 खण्डपीठों का गठन किया गया है जिसमें मुख्यालय पर माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री हितेन्द्र सिंह सिसौदिया की खण्डपीठ सहित 13 न्यायिक तथा एक पुलिस परामर्श केन्द्र टीकमगढ़, अध्यक्ष, लोकोपयोगी सेवाओं के लिए स्थायी लोक अदालत, हेतु खण्डपीठों का गठन किया गया। इसी प्रकार जतारा में 05 न्यायिक खण्डपीठ, निवाड़ी में 06 न्यायिक खण्डपीठ, एक पुलिस परामर्श केन्द्र निवाड़ी हेतु खण्डपीठ एवं ओरछा में 02 न्यायिक खण्डपीठ का गठन किया गया। गठित खण्डपीठों के माध्यम से न्यायालय मे लंबित राजीनामा योग्य आपराधिक शमनीय मामले, चैक बाउंस, बैंक रिकवरी, मोटर दावा अधिकरण संबंधी मामले, विद्युत विवाद के प्रकरण, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद संबंधी प्रकरण, भू-अधिग्रहण संबंधी प्रकरण एवं समस्त प्रकार के सिविल प्रकरणों के साथ ही बैंक रिकवरी, नगर पालिका, जलकर, विद्युत संबंधी प्रीलिटीगेेशन प्रकरणों का भी निराकरण किया जाना है। प्रधान जिला न्यायाधीश,अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण माननीय श्री हितेन्द्र सिंह सिसौदिया एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर सत्र न्यायाधीश माननीय श्री वरूण पुनासे द्वारा सामान्यजन से अपील की गई कि इच्छुक पक्षकार स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से आयोजित नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक संख्या में अपने-अपने प्रकरणों का निराकरण कराकर लाभ उठायें।

