वार्डवासियों ने नपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर की गति अवरोधक बनाने की मांग

सड़कों पर वाहनों की गति पर नहीं कंट्रोल
आमला से बबलू निरापुरे की रिपोर्ट
आमला. वाहनों की गति को कंट्रोल करने और हादसों को रोकने के लिए नगरपालिका ने वार्डो की सड़क पर गतिअवरोधक बनाये थे, जो अब टूट-फूट चुके है। ऐसे में इन गति अवरोधक पर आए दिन हादसे हो रहे है। इसे लेकर वार्ड क्रमांक 10 के नागरिकों ने नगरपालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर गति अवरोधक पुन: निर्माण कराये जाने की मांग की है। दरअसल नगरपालिका द्वारा वार्ड 10 में सड़कों पर गति अवरोधक बनाये थे। वर्षो पहले बने गति अवरोधक अब टूट चुके है। जिसके कारण वाहन चालक बेलगाम गति से वाहनों को दौड़ाते है। इससे आए दिन हादसे हो रहे है। वार्डवासी नितिन सातनकर, रोशनी चौकीकर, हीराबाई रावत, कुसुम बधिये ने बताया कि गति अवरोधक का अभाव वार्डो की सड़कों पर ज्यादा खल रहा है, क्योकिं वार्डो में छोटी-छोटी गलियां है और कब किस दिशा से वाहन आ जाये, इसका अंदाजा नहीं रहता। ऐसे में अक्सर लोग वाहनों से टकरा जाते है। वार्डवासियों ने नगरपालिका अध्यक्ष से वार्ड की सड़क पर गति अवरोधक बनाये जाने की मांग की है।
लोगों में बना रहता है भय …………

वार्ड की सड़क पर गति अवरोधक नहीं होने से चालक तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते है। जिससे पैदल चलने वाले लोगों में डर का माहौल बना हुआ। इसके पीछे मुख्य वजह है कि युवा वर्ग तेज गति से बाइक चलाते हैं और स्टंट करते है। इससे कई बार दुर्घटनाएं भी होती है और लोगों को लंबे समय तक इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। वार्ड के राजकुमार कौशिक, मुन्ना सागरे, कांता सातनकर ने बताया कि नगरपालिका द्वारा जिस समय सड़क का निर्माण कराया गया था उस वक्त गतिअवरोधक बनाये थे, लेकिन अब गति अवरोधक टूट चुके है। जिसे पुन: बनवाने जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे। इसी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिदिन गुजरते है एक सैकड़ा से अधिक वाहन ………

वार्ड की गलियों से प्रतिदिन एक सैकड़ा से अधिक दोपहिया वाहन गुजरते है। वार्डवासी रोशनी चौकीकर, हीराबाई रावत का कहना है कि वार्ड की सड़कों पर अधिकांश मोड है। इससे आजू-बाजू से आने वाले वाहन नजर नहीं आते है। कई बार तेज गति के कारण वाहन ही आपस में टकरा जाते है और चोटिल होते है। वार्ड में गति अवरोधक के अभाव में आए दिन ऐसी घटनाएं आम होते जा रही है। वार्डवासियों ने नगरपालिका अधिकारी से वार्डो की सड़कों पर गति अवरोधक बनाने की मांग की है, ताकि वाहनों की गति कंट्रोल रहे और आए दिन होने वाली दुर्घटनाएं पर अंकुश लग सके।
इनका कहना है
उक्त सड़क नगर पालिका की होगी तो जल्द ही ब्रेकर लगवाए जायँगे यदि रेलवे की सड़क होगी तो रेलवे के एडीएन से चर्चा की जाएगी
नीरज श्रीवास्तव सीएमओ आमला

