टीकमगढ़। जिला कलेक्टर अवधेष शर्मा द्वारा आदेषित किया गया है कि जिले मे परम्परागत माटी शिल्पियों को उनके माटी उत्पादों दीपक, खिलौने, सजावटी सामान को बढ़ावा देने हेतु स्थानीय निकायों,ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले हाट बाजारों में उचित स्थान उपलब्ध कराया जाये। साथ ही इन शिल्पियों से किसी प्रकार की कर वसूली नहीं की जाये, ताकि मिट्टी के दियों दीपक के उपयोग को प्रोत्साहन मिल सके। ज्ञातव्य है कि नगरीय निकाय,ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत कुम्हार समुदाय के परम्परागत शिल्पियों द्वारा मिट्टी के दीपक एवं अन्य उत्पाद बनाये जाते हैं तथा इन्हें प्रमुखतः विभिन्न त्यौहारों के अवसरों पर बाजारों में बिक्रय हेतु लाया जाता है। यह इनके जीवन यापन का मुख्य आधार है।

