टीकमगढ़ । जिले में जल जीवन मिशन योजना में किये जा रहे भारी भ्रष्टाचार की शिकायत भाजपा नेता विकास यादव ने 16 जुलाई 2024 को दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री कार्यालय में की थी जिस पर कार्यवाही करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने उक्त शिकायत को 19 जुलाई को सीपीग्राम पर दर्ज कर प्रदेश की सीएम हैल्पलाईन में मर्ज कर निराकरण के निर्देश दिए थे। 19 जुलाई से 30 सितम्बर ढाई महीने तक जल निगम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी शिकायत को अपने विभाग की न होना बताकर एक-दूसरे को भेजते रहे। अंत में 30 सितम्बर 2024 को जल निगम के महाप्रबंधक लखनलाल तिवारी ने शिकायत के 41 ग्राम में से 09 ग्राम की जाँच को शत्-प्रतिशत सही बताकर निराकरण कर शिकायत बंद करने की सिफारिश की जबकि शेष 32 गाँव की जाँच की ही नहीं गई। जब शिकायतकर्ता विकास यादव ने शिकायत के निराकरण से असंतुष्टि जाहिर की तो शिकायत एल-03 अधिकारी जल निगम के मुख्य महाप्रबंधक अजय दिवाकर को भेजी गई। 05 नवम्बर को एल-03 अधिकारी द्वारा भी शिकायत को बंद किया जाना प्रस्तावित किया गया है जिस पaर शिकायतकर्ता विकास यादव ने असंुष्टि जाहिर की है, वहीं दूसरी शिकायत राजस्व विभाग से संबंधित है जो लगभग 08 माह से लंबित है और वर्तमान में एल 04 अधिकारी सागर संभाग आयुक्त वीरेन्द्र रावत के पास निराकरण के लिये लंबित है। लेकिन शिकायत के निराकरण के लिये राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा 08 माह के लम्बे समय अन्तराल में भी कोई प्रारम्भिक पहल तक नहीं की गई है। शिकायत ग्राम तखा में शासकीय नाले से अतिक्रमण हटाने से संबंधित है। इस पर भाजपा नेता विकास यादव ने कढ़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि जिले में भ्रष्टाचार चरम पर है। अधिकारियों ने सीएम हैल्पलाईन को मजाक योजना बना दिया है उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय का भी भय नहीं रहा। इसकी शिकायत वह शीघ्र ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से करेंगे और संबंधित भ्रष्ट अधिकारियों को जिले से बाहर करने की माँग करेंगे। प्रेस को यह तमाम जानकारी भाजपा नेता विकास यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।

