टीकमगढ़ । विश्वप्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटन नगरी ओरछा में हवाई पट्टी के निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को दिल्ली में भाजपा नेता विकास यादव ने केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया से उनके 27 सफदरजंग रोड स्थित आवास पर मुलाकात कर माँग पत्र सौंपा है । श्री सिंधिया को सौंपे माँगपत्र में श्री यादव ने बताया कि हाल ही में ओरछा नगर को यूनेस्को की विश्व धरोहर की स्थायी सूची में शामिल किया गया है। श्री रामराजा सरकार की नगरी यूनेस्को की स्थायी सूची में शामिल होने वाला प्रदेश का पहला नगर बना है। वर्तमान में ओरछा को प्रदेश के पर्यटन का गेट वे कहा जाता है। धर्म, पुरातन एवं पर्यावरण को अपने आप में संजोये यह नगरी वर्तमान में देशी व विदेशी पर्यटकों के लिये आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। यहाँ प्रतिवर्ष लाखों की संख्याा में देशी एवं हजारों की संख्या में विदेशी पर्यटक श्री रामराजा सरकार के दर्शनों के लिये पहुँचते हैं और यहाँ की खूबसूरती को निहारते हैं एवं यहाँ बिराजे श्री रामराजा सरकार की महिमा का गायन सुनते हैं। इसके अलावा यहाँ रामराजा लोक का निर्माण भी कराया जा रहा है। यहां भगवान श्री राम एक राजा के रूप में पूजे जाते हैं एवं ओरछा का ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों का आकर्षण अद्वितीय है इन सब के बाद भी यहां यातायात के तीव्र गति के साधनों का बेहद अभाव है। ऐसी स्थिति में स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यहां पर हवाई पट्टी का निर्माण हो जाए तो ओरछा के विकास में पंख लग जाएंगे।
जिसको गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने उक्त मामले में शीघ्र ही प्रदेश शासन से नियम अनुसार कार्यवाही कराने का भरोसा दिलाया है। प्रेस को यह तमाम जानकारी भाजपा नेता विकास यादव ने व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

