आमला से बबलू निरापुरे की रिपोर्ट
आमला. पैगम्बर हजरत मोम्हम्मद के जन्मदिन ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर मुस्लिम धर्म के अनुयायियों ने विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया। जिसमें रक्तदाताओं ने 90 यूनिट रक्त का दान किया। वहीं शहर के थाना परिसर में बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए और उन्हें पालने का संकल्प भी लिया गया। रेलवे कॉलोनी क्षेत्र 12 क्वाटर के छोटी मस्जिद परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद राकेश शर्मा, जामा मस्जिद के सदर जाहिद पटेल ने भी रक्तदान कर सभी को ईद- ए-मिलाद-उन- नवी की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर शेख आबिद, शोएब मेमन, जावेद मेमन, अधिवक्ता शफी खान, राहुल ढेण्डे सहित 90 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान के पहले मुस्लिम धर्म के अनुयाईयों ने वार्ड क्रमांक 1 स्थित जामा मस्जिद से सुबह 10 बजे विशाल जुलुस निकाला। जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्म के अनुयाई शामिल थे।

जुलूस पीर मंजील, बस स्टैण्ड, उपनगरी बोडख़ी होता हुआ बारह क्वार्टर क्षेत्र पंहुचा। जुलुस में सामने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहरा रहा था। विशेष बात यह थी कि मुस्लिम धर्म के अनुयाईयों ने इस बात का भी ध्यान रखा था कि जुलुस के बाद सड़के साफ रहे, इसके लिए अलग से व्यवस्था की थी और जुलुस के पीछे कुछ लोग ऐसे थे जो सड़कों को साफ कर कचरा उठाते हुए चल रहे थे। जामा मस्जिद के सदर जाहिद पटेल ने बताया कि पर्यावरण सुरक्षित रहे, इसके लिए शहर के थाना परिसर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण भी किया गया और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया है।

