टीकमगढ़। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रभारी कलेक्टर नवीत कुमार धुर्वे की अध्यक्षता में सोमवार 05 मई 2025 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्री धुर्वे ने शनिवार को तेज आंधी, तूफान और वर्षा से बिजली के तारों की हुई क्षति और उसके सुधार की समीक्षा की तथा सभी क्षेत्रों में शीघ्र सुचारू बिजली पहुंचाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पटवारी के माध्यम से तूफान से हानि का आकलन कराने तथा क्षति का आकलन कर राहत और सहायता राशि तुरन्त प्रदान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देषित किया कि सभी तहसीलदार अभिलेख दुरुस्ती, आधार से खसरा लिंकिंग, नामांतरण कार्य नियमानुसार शीघ्र सम्पन्न करायें। साथ ही उन्होंने मनरेगा अंतर्गत रोजगार के सृजित मानव दिवस बढ़ाने के निर्देश दिये। श्री धुर्वे ने निर्देषित किया कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा सभी शासकीय अस्पतालों में डिलेवरी हेतु सम्पूर्ण व्यवस्था और स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करायें। उन्होंने सभी सीएमओ तथा जनपद सीईओ को कर्मकार मंडल अंतर्गत लंबित अनुग्रह सहायता राशि शीघ्र प्रदाय कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समग्र आईडी से आधार की ईकेवाईसी शत-प्रतिशत कराने निर्देश दिए। तत्पष्चात उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में किये जा रहे कार्यों की वर्तमान प्रगति की समीक्षा की तथा जल संरचनाओं की सफाई और सौन्दर्यकरण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देषित किया कि तालाबों की मिट्टी का कटाव नहीं हो इसके लिये सुधार करें। साथ ही उन्होंने निर्देषित किया कि बावड़ियों एवं तालाबों और अन्य जल संरचनाओं पर अतिक्रमण हटाने और साफ-सफाई की लगातार कार्यवाही करें। साथ ही उन्होंने वर्षा के समय रहवासी इलाकों में पानी का भराव नहीं हो इसके लिये ड्रैनेज सिस्टम अभी से ठीक करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जल भराव होता है उनका चिन्हांकन कर शीघ्र कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। बैठक में श्री धुर्वे ने सर्वप्रथम सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन, उच्च न्यायालयों में लंबित कंटेम्प्ट प्रकरणों, सीएम कार्यालय, सीएम मोनीट से लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की तथा 50 दिन से अधिक समय की लंबित शिकायतों के निराकरण के लिये प्रमुख रूप से टारगेट बनाकर उनका निराकरण कराये जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री पीएस चौहान, संयुक्त कलेक्टर श्री शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम टीकमगढ़ श्री लोकेन्द्र सिंह सरल, एसडीएम जतारा श्री संजय कुमार दुबे, डिप्टी कलेक्टर श्री एसके तोमर तथा सुश्री अंजली शर्मा, एसीईओ श्री आरके पस्तोर, सीएमएचओ डॉ. शोभाराम रोशन, सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला, डीपीसी श्री आरपी त्रिपाठी, डीडी विटनरी डॉ. आरके जैन, पीओ डूडा सुश्री शिवि उपाध्याय, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास डॉ. ऋजुता चैहान, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी श्री रामबाबू गुप्ता, लोकसेवा प्रबंधक श्री अमन गोयल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

