टीकमगढ़। संस्कृति सचिव सुश्री उर्मिला शुक्ला ने टीकमगढ़ जिले में कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के मार्गदर्शन में अस्तोन की गढ़ी (राज्य संरक्षित स्मारक) के तहसीलदार टीकमगढ़ द्वारा हटाए गए अतिक्रमण की कार्यवाही की प्रदेश स्तर पर सराहना की है। साथ ही इस संबंध में राज्य संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय द्वारा अन्य जिलों को भी टीकमगढ़ जिले जैसी कार्यवाही करने हेतु निर्देश जारी किये गये हैं।
कार्यवाही की प्रशंसा करते हुये संस्कृति सचिव ने लिखा कि मध्यप्रदेश पुरासंपदा की दृष्टि से भारतवर्ष में अत्यंत सम्पन्न स्थान रखता है। संचालनालय अंतर्गत राज्य संरक्षित स्मारक वे स्थान हैं जो कि हमारी समृद्ध विरासत की धड़कन बनकर आज भी जीवित हैं। इनकी सुरक्षा करना हमारा संवैधानिक दायित्व है। उल्लेखनीय है कि माननीय मुख्यमंत्री जी भी हमारी विरासतों के संरक्षण के प्रति अत्यंत संवेदनशील हैं।
उल्लेखनीय है कि अस्तोन की गढ़ी, जिला टीकमगढ़ संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय के अंतर्गत राज्य संरक्षित स्मारक है। इसके पहुँच मार्ग पर स्थानीय निवासियों द्वारा दीवार बनाकर स्मारक का अनुरक्षण एवं विकास कार्य नहीं करने दिया जा रहा था। इस पर संचालनालय द्वारा जिला कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय को अतिक्रमण हटाये जाने के लिये लिखा गया। उनके द्वारा प्रकरण को तत्काल संज्ञान में लेते हुए तत्परतापूर्वक अनाधिकृत निर्मित दीवार को हटवा दिया गया।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

