टीकमगढ़। जिला सॉफ्टबॉल संघ सचिव पी प्रसन्ना कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 43वीं जूनियर राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप का आयोजन इंदौर में 21 से 22 मई 2025 तक किया गया, जिसमें टीकमगढ़ जिले के बालक वर्ग की टीम ने रजत पदक प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में टीकमगढ़ जिले की टीम ने पहले मैच में ग्वालियर को 10-00 से हराया, दूसरे मैच में शाजापुर को 8 -0 से हराया तीसरे मैच में रतलाम को 9 -0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल मैच में मंदसौर को 12-0 से हराकर सेमी फाइनल में प्रवेश किया, सेमी फाइनल में जिले की टीम ने उज्जैन को 3 – 0 से हराकर फाइनल मैच में प्रवेश किया। फाइनल में जिले की टीम को संघर्षपूर्ण मैच में इंदौर से 1-0 से हार का सामना कर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। बालक वर्ग में विक्की सेन, ऋषि साहू, अनिमेष नायक, और कुलदीप सिंह दांगी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर टीम के रजत पदक में अहम भूमिका निभाई। साथ ही दूसरी ओर बालिका वर्ग में सुलेखा प्रजापति को टूर्नामेंट का बेस्ट प्लेयर का सम्मान प्राप्त हुआ। जिले की बालिका वर्ग की टीम से प्रतिभा लोधी, अभिश्री साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय, पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सीताराम ससत्या, एसडीएम श्री लोकेंद्र सिंह सरल, देवेश चंदेल केंद्र प्रभारी साई सेंटर टीकमगढ़, आदि सहित अनेकों ने इन खिलाड़ी बच्चों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

