टीकमगढ़। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला न्यायाध, अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती प्रवीणा व्यास के मार्गदर्शन में 04 जून 2025 बुधवार के दिन ग्राम बजरंगखेरा, रानीपुरा पपावनी बाबाखेरा, दुर्गानगर, आंगनवाडी दरयावनगर एवं परियोजना कार्यालय बल्देवगढ़ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में श्रीमती सुनीता गोयल सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा कार्यक्रमों में उपस्थित पुरूषों एवं महिलाओं को संबोधन में कहा कि गरीबी सिर्फ आर्थिक स्थिति नहीं, बल्कि न्याय, शिक्षा और अवसरों की अनुपलब्धता का परिणाम है। नालसा द्वारा संचालित गरीबी उन्मूलन योजनाएं समाज के सबसे कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने की दशा में एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने ग्रामीणों का निःशुल्क विधिक सहायता, श्रमिक अधिकार, पेंशन योजनाएं, वृद्धावस्था पेंशन जैसी विभिन्न कल्याण कारी योजनाओं की जानकारी दी और इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। श्रीमती गोयल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को कानून की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकें और जरूरतमंदों को भी न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण गरीब, असहाय, महिलाओं, बच्चों और श्रमिकों के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने साथी योजना से अवगत कराते हुए ग्रामवासियों से अपील की, जो बच्चे 18 वर्ष से कम है उनके माता-पिता नहीं और उनके आधार कार्ड अव तक नहीं बने है। इस योजना के तहत बच्चों के आधार कार्ड बनाये जायेंगे। अगर आप के आस-पास ऐसे बच्चे हैं तो आप जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय परिसर, टीकमगढ़ से संपर्क करें, उनके आधार कार्ड बनवा दिये जायेंगे। साथ ही जागृति योजना, संवाद योजना, डान योजना एवं अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उक्त कार्यक्रमों,शिविर में योजनाओं के पेम्प्लेट का वितरण किया गया। इस अवसर पर श्री भारत भूषण झां, सह विधि अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण एवं अधिक संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

