टीकमगढ़ । 03 जून को मंत्रीमंडल की बैठक का आयोजन पचमढ़ी में जनजातीय राजा भभूत सिंह की स्मृति में आयोजित किया गया। इसके पूर्व मंत्रीमंडल की पहली बैठक जनजातीय वीरांगना रानी दुर्गावती की स्मृति में जबलपुर में आयोजित की गई थी और अहिल्याबाई होल्कर की स्मृति में इंदौर के राजवाड़ा एवं महेश्वर में भी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रीमंडल की बैठक आयोजित की गई है। इसीक्रम में अगली बैठक श्री राम राजा सरकार की नगरी ओरछा में आयोजित करने की मांग भी अब जोर पकड़ती जा रही है। भाजपा नेता विकास यादव ने प्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री एवं निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह से भोपाल में मुलाकात कर मंत्रिमंडल की अगली बैठक श्री राम राजा सरकार की नगरी विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ओरछा में आयोजित कराने की मांग की है । श्री यादव ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटन नगरी ओरछा में श्रीराम राजा सरकार का मंदिर है जो देश का एकमात्र ऐसा मंदिर है जहां प्रभु श्री राम को राजा के रूप में पूजा जाता है साथ ही दिन में चार बार शसस्त्र सलामी दी जाती है। इस मंदिर की विशेषता यह है कि माता जानकी के साथ विराजमान राजाराम प्रतिदिन अपना दरबार लगाते हैं और भक्तों की फरियाद सुनते हैं। यहां एक ओर ऐतिहासिक इमारतें पर्यटकों को आकर्षित करतीं हैं तो दूसरी ओर प्राकृतिक सौंदर्य मन मोह लेता है। रामराजा मंदिर, चतुर्भुज मंदिर, लक्ष्मी मंदिर, जहांगीर महल, हरदौल बैठका, ऐतिहासिक छतरियां और कल कल करती बेतवा नदी यह सभी ओरछा की संस्कृति और विरासत का जीवंत उदाहरण है। ओरछा के अंदर चाहे कोई भी व्हीआईपी आगमन हो उसे सलामी नहीं दी जाती यहां केवल श्री राम राजा सरकार का साम्राज्य चलता है। मध्यकाल में महाराज मधुकर शाह की महारानी कुंवर गणेश 08 माह 28 दिन पैदल चलकर प्रभु श्री राम को अयोध्या से ओरछा लेकर आईं थीं तब से श्री राम राजा सरकार महारानी की रसोई में विराजमान है। श्री यादव ने मांग की है कि अगली मंत्रिमंडल की बैठक प्रभु श्री राम की अनन्य उपासक मां कौशल्या स्वरूपा महारानी कुंअर गणेश की स्मृति में ओरछा में आयोजित की जाए ताकि ओरछा सहित संपूर्ण बुंदेलखंड का सर्वांगीण विकास हो सके। प्रेस को यह तमाम जानकारी भाजपा नेता विकास यादव ने व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।

