टीकमगढ़, 20 जून 2025/* अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को प्रातः 6 से 7.45 बजे तक स्थानीय नजरबाग प्रांगण में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक, जिले के जनप्रतिनिधिगण, स्वयंसेवी संस्थाओं, गणमान्य नागरिकों और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता की अपेक्षा रहेगी। इस वर्ष एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिये थीम पर संपूर्ण भारत में प्रत्येक वार्ड, ग्राम, विकासखंड एवं जिला मुख्यालय पर एक साथ योग अभ्यास कराया जायेगा। अति बारिश होने की स्थिति में अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम स्थानीय उत्सव भवन टीकमगढ़ में सम्पन्न कराया जायेगा।
कार्यक्रमानुसार प्रातः 6 बजे से पूर्व विद्यार्थी एवं सहभागीगणों की उपिस्थति, प्रातः 6 बजे से 6:30 बजे तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आगमन एवं उद्बोधन, प्रातः 6:30 बजे से 6:40 बजे तक भोपाल से माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण, प्रातः 6:40 बजे से 7 बजे तक विशाखापट्टनम से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण तथा प्रातः 7 बजे से 7:45 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकॉल का योगाभ्यास कराया जायेगा।
शासन के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय, विकासखण्ड एवं पंचायत स्तर पर 21 जून 2025 को सामूहिक योग कार्यक्रम का वृहद आयोजन किया जायेगा। इन कार्यक्रमों में सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, पॉलीटेक्निक, आई०टी०आई० समस्त शासकीय एवं निजी विश्व विद्यालयों के छात्रों के अलावा अन्य समस्त शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थी भाग लेंगे। साथ ही योग संस्थानों, एन०सी०सी०, एन०एस०एस० पुलिस कर्मियों, विभिन्न प्रशिक्षण संस्थान, शासकीय सेवकों, स्वयंसेवी संगठन, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक संगठन तथा आम नागरिकों की सामूहिक योग कार्यक्रम में भागीदारी रहेगी।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व 16 जून से प्रतिदिन योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागीगणों को योगाभ्यास कराया जा रहा है। सामूहिक योग कार्यक्रम में भारत सरकार द्वारा निर्धारित क्रम एवं प्रोटोकॉल के अनुसार एक साथ योगाभ्यास होगा। आयुष विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग योग प्रशिक्षकों के सहयोग से प्रतिभागीगणों को योग के अभ्यास करायेंगे।

