नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और सांसद मनोज तिवारी ने बुधवार को कहा कि करेंसी नोटों पर भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी के चित्र छापने की आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल की मांग चुनाव से पहले अपनी पार्टी के ‘‘हिंदू विरोधी चेहरे’’ को छिपाने की ‘‘असफल कोशिश’’ है।
तिवारी ने मांग की है कि केजरीवाल ने जो कहा, यदि वह वास्तव में उस बात से इत्तेफाक रखते हैं, तो उन्हें दिल्ली के पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम और आप की गुजरात इकाई के अध्यक्ष गोपाल इटालिया को ‘‘हिंदू देवताओं के खिलाफ बोलने’’के कारण पार्टी से निष्कासित कर देना चाहिए।
इस बीच, भाजपा नेताओं ने दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण पर केजरीवाल की कथित नाकामी को लेकर उनसे इस्तीफे की मांग की और दावा किया कि दिवाली के बाद शहर के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार हुआ है।
तिवारी ने कहा, ‘‘दिवाली से पहले एक्यूआई 330 था और दिवाली के बाद आज सुबह एक्यूआई 306 है। (यह) हरित पटाखे चलाने का लाभ है। तो अब जो दिवाली को दोष दे रहे थे, वे अब जरा चिंता करें कि अब से अगर प्रदूषण बढ़ा तो उसका ठीकरा दिवाली पर ना फोड़ें।’’

