टीकमगढ़। शुक्रवार को ब्राह्मण कालोनी स्थित जागेश्वर मंदिर प्रांगण से महाप्रभु भगवान जगन्नाथ जी की रथयात्रा नगर में निकाली गई। भगवान जगन्नाथ, भैया बलभद्र, बहिन सुभद्रा के दर्शन के लिए पूरा नगर उमड़ पड़ा। नगर वासियों के साथ नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार उर्फ पप्पू मालिक भी रथयात्रा में शामिल हुए। श्री मालिक ने भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथ खींचकर उनकी पूजा की तथा नगर व क्षेत्र की जनता की खुशहाली के लिए भगवान से प्रार्थना की। इस दाैरान नपा अध्यक्ष पप्पू मालिक ने कहा कि रथयात्रा का पर्व भगवान के प्रति भक्तों का प्रेम व आस्था का प्रतीक है। हम सभी साैभाग्यशाली हैं कि जगन्नाथ भगवान स्वयं दर्शन देने अपने भक्तों के बीच आते हैं। उन्होंने रथयात्रा पर्व की समस्त नगर जनों को शुभकामनाएं भी दीं।

