टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय द्वारा ग्रे वॉटर प्रबंधन हेतु जनपद बल्देवगढ़ की ग्राम पंचायत चंद्रपुरा द्वारा किए जा रहे नवाचार चैंबर आधारित अंडरग्राउंड ड्रेनेज का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने ग्रामीणजनों से अंडरग्राउंड ड्रेनेज सिस्टम के बारे में जानकारी ली, एवं लोगों को अपने आसपास के परिवेश में स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। तत्पश्चात श्री श्रोत्रिय ने ग्राम में चैपाल लगा कर समग्र ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड, फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति के सम्बन्ध में लोगों से चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि जिले की 45 ग्राम पंचायतों के द्वारा ग्रे वॉटर के बेहतर प्रबंधन के लिए नवाचार करते हुए चैंबर आधारित अंडरग्राउंड ड्रेनेज विकसित किया जा रहा है। इसीक्रम में ग्राम चंद्रपुरा में ग्रे वॉटर के बेहतर प्रबंधन के लिए घरों के बाहर सिल्ट चैंबर बनाए गए हैं, जिनमें घरों से किचिन और वॉशरूम से आने वाले ग्रे वॉटर को जोड़ा गया है। सभी चैंबर्स को 8 इंच के पाइप से आपस में जोड़ा गया है। सिल्ट चैंबर्स को ढका गया है, जिससे ड्रेनेज अंडरग्राउंड हो गया है। ड्रेनेज के अंतिम बिंदु पर लीच पिट बनाकर ग्रे वॉटर का अंतिम और व्यवस्थित निष्पादन किया जाएगा। भ्रमण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नवीत कुमार धुर्वे, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन श्री मनीष जैन, सीईओ जनपद बल्देवगढ़ श्री अक्षांश श्रीवास्तव, तहसीलदार श्री सत्यप्रकाश शुक्ला सहित संबंधित अधिकारीगण एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

