टीकमगढ़। म.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश,अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती प्रवीणा व्यास के मुख्य आतिथ्य में गुरुवार 17 जुलाई 2025 को अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर ए.डी.आर. भवन जिला न्यायालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती प्रवीणा व्यास प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अपने संबोधन में कहा कि अंतराष्ट्रीय न्याय दिवस लोगों को न्याय के समर्थन के लिए जागरूक और एक जुट करने के लिए मनाया जाता है, इसका मुख्य उददेश्य पीड़ितों को उनके अधिकारों के लिए बढ़ावा देना है, साथ ही गंभीर मुददों पर ध्यान देने के लिए दुनिया भर के लोगों केा एकजुट करने और आकर्षित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश, पाॅक्सो एक्ट टीकमगढ़ श्री नरेन्द्र कुमार गुप्ता ने कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन शोषण विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक महिला कर्मचारी का यह अधिकार है कि कार्य स्थल पर गरिमा एवं सम्मान से उसके साथ व्यवहार किया जाये। जिला न्यायाधीश श्री राजकुमार गुप्ता ने उपस्थित सामान्यजन को मानव तस्करी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह व्यक्तियों को बल, धोखाघड़ी अथवा जबरदस्ती से स्थानांतरित करना, आश्रय देना, अथवा प्राप्त करना है। जिसका उददेश्य व्यवसायिक यौन शोषण अथवा दासता के लिए किया जाता है, जो कि मानव अधिकार के प्रति गंभीर अपराध है। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अनुज कुमार चंसौरिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय, श्री शमरोज खान, विशेष न्यायाधीश श्री संजय कुमार गुप्ता, जिला न्यायाधीश श्री वरूण पुनासे, श्री कमलेश भरकुंदिया, सहित अन्य न्यायाधीशगण, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ श्री अनिल त्रिपाठी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टीकमगढ़ श्रीमती सुनीता गोयल, सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक श्री सौरभ तिवारी, एल.ए.डी.सी.एस. के पदाधिकारीगण, कर्मचारीगण, ग्रामीण स्वावलंबन समिति के कार्यकर्तागण एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

