

इटारसी / राष्ट्रीय कवि संगम इटारसी द्वारा आयोजित “ऑपरेशन सिंदूर” पर केंद्रित विशेष काव्य संगोष्ठी का शुभारंभ आज रविवार को एक रेस्टोरेंट में सम्पन्न हुआ। इस साहित्यिक संगोष्ठी में नगर के अनेक कवि, साहित्यप्रेमी और राष्ट्रभक्त सहभागी बन रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती वंदना से हुई, जिसके पश्चात वीर रस एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कविताओं का क्रम प्रारंभ हुआ। कवियों ने ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि को अपने ओजस्वी शब्दों में उकेरते हुए भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में वीर रस, मातृभूमि प्रेम और नारी सम्मान जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम के संयोजक सुनील बाजपेई ने बताया कि “राष्ट्रीय कवि संगम का उद्देश्य केवल कविता का मंच देना नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति की चेतना को जन-जन तक पहुँचाना है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी वीरगाथाएँ युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।” कार्यक्रम राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत रहा एवं श्रोतागण मंत्रमुग्ध होकर काव्यपाठ का रसास्वादन किया ।

