टीकमगढ़ /बड़ागांव धसान। जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत अजनौर के आंगनबाड़ी केंद्र के सामने कई वर्षों पुराना कुआं बना है। जो बारिश और गर्मियों के समय केंद्र में आने वाले नौनिहालों को जान का खतरा बना रहता है। इस पर जाल बिछाने या पुराव कराने के लिए स्थानीय लोगों द्वारा तीन वर्षों से मांग कर जा रही है, लेकिन जिम्मेदार ग्राम पंचायत द्वारा सुरक्षा को लेकर कार्य नहीं किया जा रहा है। मामले की शिकायत पर जनपद पंचायत सीईओ और इंजीनियर अजनौर गांव के कुआं की जांच करने के लिए पहुंचे और मौके पर सरपंच, सचिव को फटकार लगाई।
अजनौर गांव के समाजसेवी अमर सिंह लोधी, बब्लू यादव, कलुवा अहिरवार, हल्लू बुनकर, गोरेलाल अहिरवार, नंदू, विशाल, बृजेन्द्र, बंदू चौकीदार, देशराज, महबूब खान, रानू, हरिया, महेश अहिरवार, कल्ला अहिरवार,कुसुम, दुर्गा, नीलम, रोशनी, पुन्नी अहिरवार, हुकुमचंद अहिरवार ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र ८३ के सामने सालों पुराना एक कुंआ बना है। लोगों ने इस कुएं का उपयोग करना बंद कर दिया है। इस कारण से खुला पड़ा है। इसी कुएं में मोहल्ला के लोग कचरा डाल रहे है। बारिश के चलते यह कुआं लबालब भर गया है। जो खतरे से कम नहीं है।
नौनिहालों को जान का खतरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवतियों के साथ नौनिहाल आते है। बाहर नौनिहाल खेलने लगते है। जहां पर उनका डर बना रहता है। जबकि स्थानीय लोगों द्वारा कुआं की सुरक्षा करने के लिए प्रशासन से मांग की, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
इनका कहना
शिकायत को लेकर अजनौर गांव में गया था। इस दौरान सरपंच, उपयंत्री भी साथ में थे। आंगनबाड़ी केंद्र के सामने पुराने कुआं को सुरक्षा में लेने और नौनिहालों की सुरक्षा को लेकर निरीक्षण किया। जल्द ही कुआं पर लोहे का जाल बिछाया जाएगा। इसके लिए पहले राशि जारी हुई कि नहीं सोमवार को मिल पाएंगी।
मनीष कुमार, सीईओ जनपद पंचायत टीकमगढ़।

