टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने रविवार 03 अगस्त 2025 को प्रशासनिक टीम के साथ लिधौरा तहसील की ग्राम पंचायत सियावनी का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान ग्राम स्यावनी में पिछले एक वर्ष से अधिक समय से रुके हुये प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर कर पुनः निर्माण कार्य प्रारंभ का निर्णय लिया गया। भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय को ग्रामीणजनों ने समस्याओं से अवगत कराते हुये बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण कार्य रुके रहने का प्रमुख कारण प्रस्तावित स्थल के सामने स्थित मुक्तिधाम था, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर आपत्तियाँ थीं। जिस पर कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि मुक्तिधाम के लिए गांव में नए स्थान पर शेड का निर्माण किया जाएगा और वर्तमान स्थल को स्मृति वन के रूप में विकसित किया जाएगा।उल्लेखनीय है कि जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक ने भी इस प्रस्ताव को अपनी स्वीकृति दी है। शीघ्र ही स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण कार्य को गति दी जाएगी, जिससे ग्रामवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी। इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ श्री सिद्धगोपाल वर्मा, लिधौरा तहसीलदार श्री ओपी त्रिपाठी, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी श्री मिथलेश निगौती, ग्राम पंचायत सियावनी सरपंच श्री पुल्लेलाल कुशवाहा, सचिव, रोजगार सहायक सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

