टीकमगढ़। 04 अगस्त 2025 सोमवार की सुबह महेंद्र सागर तालाब में एक 18 वर्षीय युवक का शव मिला। लोगों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ टीम ने नाव की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। मृतक की पहचान पुलिस ने नितिन पुत्र शैलेंद्र अहिरवार गणेशगंज निवासी के रूप में की नितिन कक्षा 11वीं का छात्र था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक के पिता शैलेंद्र अहिरवार का कहना है कि नितिन रोजाना की तरह सुबह तालाब किनारे बने बायपास रोड पर घूमने जाता था। इस तरह वह आज सुबह भी करीब 05 बजे घर से घूमने के लिए निकला था। सुबह लगभग 07 बजे पुलिस से सूचना मिली कि तालाब में उसका शव मिला है। परिजनों ने नितिन की हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पिता ने पुलिस से गणेशगंज से लेकर महेंद्र सागर तालाब तक लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे यह पता चल सकेगा कि सुबह मृतक के साथ कोई और था या नहीं। वही कोतवाली थाना प्रभारी उपेंद्र छारी का कहना कि पोस्टमार्टम से ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि महेंद्र सागर तालाब में एक 18 वर्षीय युवक का शव मिला है जिसकी जांच पड़ताल में कोतवाली पुलिस पूरी तरह से जुटी हुई है।

