टीकमगढ़। पक्षकारों के मध्य आपसी द्वेष भावना को खत्म करने एवं आपसी सहमति से मामलों का निराकरण कराने के उददेश्य से पक्षकारों का जागरूक करने हेतु प्रधान जिला न्यायाधीश,अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती प्रवीणा व्यास की अध्यक्षता में 21 अगस्त 2025 गुरुवार के दिन कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभा कक्ष में मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के द्वारा उपस्थित पक्षकारगण को मीडिएशन से होने वाले लाभों के बारे में बताया और मध्यस्थता के द्वारा मामले का निराकरण कराने हेतु प्रेरित किया। मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम के पश्चात 13 सितम्बर 2025 को आयोजित नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण में सहयोग के संबंध में अधिवक्तागणों के साथ बैठक का आयोजन भी किया गया। बैठक में प्रधान जिला न्यायाधीश,अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती प्रवीणा व्यास द्वारा उपस्थित अधिवक्तागणों को आगामी नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों के निराकरण में सहयोग प्रदान करने हेतु आवश्यक चर्चा की। अधिवक्तागणों ने भी आश्वासन दिया कि नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण में सहयोग प्रदान करेंगें एवं पक्षकारों को समझाईश दी जावेगी। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सुनीता गोयल, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती प्रियंका उत्कर्ष त्रिपाठी, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अनुज कुमार चंसौरिया सहित जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री अनिल त्रिपाठी, एल.ए.डी.सी.एस. के पदाधिकारीगण एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

